5 Dariya News

पत्रकार कल्याण कोष से मोहन लाल के परिवार को आर्थिक सहायता

अस्पताल जाकर 20 हजार का चैक किया भेंट और सहायता का आश्वासन

5 Dariya News

कुल्लू 22-Jun-2019

पत्रकारों की सहायता के लिए प्रेस क्लब कुल्लू द्वारा गठित पत्रकार कल्याण कोष ने बंजार हादसे में मारे गए पत्रकार मोहन लाल ठाकुर के परिवार को आर्थिक सहायता दी है। पत्रकार कल्याण कोष के पदाधिकारियों ने अस्पताल जाकर पहले मोहन लाल ठाकुर की बेटी का कुशलक्षेम पूछा और उसके बाद 20 हजार का चैक भेंट किया। कल्याण कोष ने उक्त परिवार को अन्य सहायता करने का भी आश्वासन दिया है। इस अवसर पर पत्रकार कल्याण कोष के प्रधान अनिल कांत शर्मा, प्रेस क्लब प्रधान धनेश गौतम, कल्याण कोष के कोषाध्यक्ष शेर सिंह शर्मा,सचिव संतोष धीमान,आशीष शर्मा,क्रिस ठाकुर,मनीष ठाकुर आदि उपस्थित रहे। गौर रहे कि बंजार हादसे में तेज तर्रार युवा पत्रकार मोहन लाल ठाकुर की मौत हो गई है और उनकी बेटी भी जान गवां बैठी है। मोहन लाल कलम के सच्चे सिपाही थे और निर्भीक व स्टीक पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते थे। इस अवसर पर पत्रकार कल्याण कोष के प्रधान अनिल कांत शर्मा ने कहा कि यह कोष बुरे बक्त में पत्रकारों की आर्थिक सहायता के लिए गठित किया गया है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का एक मुख्य अंग है और वह चौबिस घण्टे समाज सेवा में लगे रहते हैं। पत्रकारों को अपने कल्याण के लिए समय ही नहीं मिलता। इसलिए जिला में पत्रकार कल्याण कोष का निर्माण किया गया है ताकि आपात स्थिती में पत्रकारों की सहायता की जा सके। उन्होंने जिला के सभी पत्रकारों से अपील की है कि इस कल्याण कोष में अधिक से अधिक सदस्यता ग्रहण करें और सहयोग भी दें। उन्होंने दुःख प्रकट करते हुए कहा है कि अभी तक मात्र 30 फीसदी पत्रकार ही कोष के सदस्य बने हैं जबकि अन्यों को भी इसकी सदस्यता ग्रहण करनी चाहिए। उन्होंने उन लोगों का भी धन्यवाद किया है जो पत्रकार कल्याण कोष में मदद कर रहे हैं। उन्होंने अन्य दानियों से भी अपील की है कि कल्याण कोष के लिए सहायता प्रदान करें।