5 Dariya News

मुख्यमंत्री ने नगरोटा बगवां में रखी राजकीय इंजिनियरिंग कॉलेज की आधारशिला

5 दरिया न्यूज

कांगड़ा 15-Feb-2014

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज कांगड़ा जिले में नगरोटा बगवां के मस्सल में 90.05 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय इंजिनियरिंग कॉलेज की आधारशिला रखी। यह कॉलेज शैक्षणिक सत्र 2014-15 से कार्य करना आरम्भ कर देगा। यहां तीन पाठ्यक्रमों को चलाया जाएगा तथा मकैनिकल इंजिनियरिंग, इलैक्ट्रानिक एवं कम्यूनिकेशन इंजिनियरिंग तथा सिविल इंजिनियरिंग में प्रत्येक में 60 विद्यार्थियों के प्रवेश की क्षमता उपलब्ध होगी।मस्सल में विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा क्षेत्र को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की है। राज्य में साक्षरता क्रांति आई है और 82.80 प्रतिशत साक्षरता दर हासिल की है, जो 74.04 प्रतिशत की राष्ट्रीय औसत से अधिक है।वीरभद्र सिंह ने कहा कि राज्य ने हर क्षेत्र में प्रगति की है जिसका श्रेय प्रदेश में अधिकांश समय तक सत्तासीन रही कांग्रेस सरकारों तथा केन्द्र सरकार द्वारा उदार वित्तीय सहायता एवं सहयोग को जाता है। प्रदेश के तीव्र विकास एवं प्रगति में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू, श्री लाल बहादुर शास्त्री, श्रीमती इंदिरा गांधी, श्री राजीव गांधी, डा. मनमोहन सिंह तथा यूपीए अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी का पूर्ण सहयोग रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश मानव संसाधन विकास की दिशा में अभूतपूर्व प्रगति की है तथा इस अवधि के दौरान स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्रों में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। प्रदेश सरकार ने महिला कल्याण, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्गों तथा समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आज देश के विकसित राज्यों में शामिल है जिसने विभिन्न क्षेत्रों में विकास के अनेक आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि विकास की कोई सीमा नहीं होती है और लोगों के सहयोग से प्रगति की नई उंचाइयों को हासिल किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से विघटनकारी ताकतों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के गठन में भाजपा का कोई योगदान नहीं रहा और कांग्रेस पार्टी के नेताओं के गंभीर प्रयासों से राज्य को पूर्ण राज्यत्व का दर्जा हासिल हुआ। कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास करती है और पार्टी ने जनमत का हमेशा सम्मान किया है।

वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल विकास कांग्रेस के समर्थन से धूमल सरकार पहली बार सत्ता में आई तथा उनके खिलाफ झूठा सागर कत्था मामला बनाया। उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक बदले की भावना से कार्य नहीं करते हैं और जब भी कांग्रेस सरकारे सत्तासीन हुई तो उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों को कभी भी परेशान नहीं किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि वे क्रिकेट के खेल के खिलाफ नहीं हैं परन्तु क्रिकेट के नाम पर करोड़ों रुपये की बहुमूल्य भूमि को हथियाने की साजिश को वह स्वीकृति नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के गलत कार्यों की जांच कांग्र्रेस पार्टी द्वारा प्रस्तुत आरोप पत्र के आधार पर की जा रही है और इस आरोप पत्र को तैयार करने की समिति के वह सदस्य तक नहीं थे। अब जबकि कानून अपना कार्य कर रहा है तो भाजपा नेता घबराकर उनके खिलाफ झूठा प्रचार कर रहे हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने नगरोटा शहर के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली संवर्द्धित पेयजल आपूर्ति योजना की आधारशिला रखी। इस योजना से क्षेत्र के 11340 लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने चंगर क्षेत्र उपरली कोठियां-एक-दो-तीन, समलोटी, उस्तेहन, लुंगना-मंगरेला तथा थाना वदग्रां के लिए 414.39 लाख रुपये की लागत से बनने वाली संवर्द्धित पेयजल आपूर्ति योजना का शिलान्यास भी किया। इस योजना से क्षेत्र के 18544 लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने 141 लाख रुपये की लागत से निर्मित चुघेरा से कंडी मार्ग पर पलोरा खडड पर निर्मित पुल का लोकार्पण भी किया।मुख्यमंत्री ने नगरोटा में आईपीएच मंडल कार्यालय आरम्भ करने, झीन में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा सीरा थाना, बल्लुगलोआ, बरोहा, सुनीह में नये विज्ञान खंड आरम्भ करने तथा हटवास, थाना बारगरोह एवं बलधार में तीन स्कूलों को स्तरोन्नत करने मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। 

सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री श्रीमती विद्या स्टोक्स ने कहा कि कांगड़ा प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है। उन्होंने पूर्व सरकार पर जिले के विभाजन की कोशिश का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने जिले को कई महत्वपूर्ण कार्यालय दिए हैं, जिनमें स्कूल शिक्षा बोर्ड, टांडा मेडिकल कॉलेज, विधानसभा के साथ-साथ सिंचाई एवं पेयजल की बड़ी परियोजनाएं उपलब्ध करवाई हैं।उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले की 3113 बस्तियों में से 3017 बस्तियों को पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। थूरल विधानसभा क्षेत्र में 68.33 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना का निर्माण किया गया है जिससे देहरा-खंडिया, जयसिंहपुर और आलमपुर की 584 बस्तियों को पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी। 

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री जी.एस. बाली ने मुख्यमंत्री का नगरोटा बगवां में राजकीय इंजिनियरिंग कॉलेज के शिलान्यास के लिए आभार व्यक्त किया। टांडा मेडिकल कॉलेज के बाद यह जिले का दूसरा सबसे ख्यातिप्राप्त संस्थान होगा। उन्होंने कहा कि इस इंजिनियरिंग कॉलेज में 180 विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करेंगे। उन्होंने नगरोटा में आईपीएच मंडल कार्यालय आरम्भ करने, झीन में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा सीरा थाना, बल्लुगलोआ, बरोहा, सुनीह में नये विज्ञान खंड आरम्भ करने तथा हटवास, थाना बारगरोह एवं बलधार में तीन स्कूलों को स्तरोन्नत करने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा क्षेत्रवाद एवं भाई भतीजावाद को बढ़ावा दिया जबकि कांग्रेस ने कांगड़ा का विकास किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम लाया जिससे हर गरीब को सस्ते राशन की सुविधा उपलब्ध हुई है।

हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्री विक्रमादित्य सिंह ने इस अवसर पर कहा कि यूपीए सरकार ने गत दस वर्षों में जन कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं आरम्भ की हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष श्री राहुल गांधी महिलाओं एवं युवाओं के सशक्तिकरण पर विश्वास रखते हैं और शक्ति के विकेन्द्रीकरण के लिए प्रयासरत हैं।जिला कांग्रेस समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुमन वर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक श्री राजेश्वर गोयल ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। मुख्य संसदीय सचिव श्री जगजीवन पाल, विधायक सर्वश्री संजय रतन, अजय महाजन, पवन काजल एवं यादविन्द्र गोमा, राज्य महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुश्री मनभरी देवी, कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री जगदीश सिपहिया, कांगड़ा के उपायुक्त श्री सी.पालरासु, पुलिस अधीक्षक बलबीर ठाकुर, प्रदेश सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।