आप के पास इस्तीफे के अलावा कोई विकल्प नहीं था : भूषण
5 दरिया न्यूज
नई दिल्ली(आईएएनएस) 15-Feb-2014
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने शनिवार को कहा कि दिल्ली विधानसभा में जन लोकपाल विधेयक के पेश न हो पाने के बाद आप सरकार के पास इस्तीफे के अलावा कोई विकल्प नहीं रह गया था। भूषण ने कहा कि विधेयक दिल्ली की जनता से किया गया पहला वादा था। उन्होंने कहा, "हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी थी भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाना और उसे चलाना, लेकिन अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस हमें विधेयक पारित नहीं करने देती, तब हमारा सत्ता में रहने का क्या औचित्य है।"भूषण ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस, गठबंधन सरकार नहीं बनाएगी, लिहाजा उपराज्यपाल नजीब जंग के पास विधानसभा भंग करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा। किरण बेदी के इस बयान पर कि आप जन लोकपाल विधेयक का हौवा खड़ा कर रही है, भूषण ने कहा कि बेदी भाजपा की प्रवक्ता बन गई हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया, क्योंकि कांग्रेस और भाजपा ने मिलकर विधेयक को सदन में पेश नहीं होने दिया।