5 Dariya News

दलचेहड़ा में वाटरशेड प्रोजेक्ट के लिए 75 लाख होंगे खर्च : लखनपाल

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

हमीरपुर 14-Feb-2014

बड़सर विधानसभा क्षेत्र के दलचेहड़ा में जलागम प्रबंधन परियोजना पर 75 लाख की राशि व्यय की जाएगी ताकि जल संरक्षण, भूमि संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। यह जानकारी मुख्य संसदीय सचिव इंद्र दत्त लखनपाल ने शुक्रवार को दलचेहड़ा पंचायत में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दी। इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि वर्तमान सरकार ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है तथा गांवों के समुचित विकास के लिए मनरेगा के तहत विभिन्न विकास कार्यों को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मनरेगा जहां ग्रामीण विकास में काफी कारगर साबित हुई है वहीं पर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वरोजगार के अवसर भी मिल रहे इसमें सत्तर प्रतिशत से भी ज्यादा महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हुई है।उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना एवं आम जनता की समस्याओं का त्वारित समाधान सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।  उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा प्रदेशवासियों से किए गए वायदों को कम से कम समय में पूरा करना और पांच वर्षों में हिमाचल को एक पूर्ण विकसित राज्य बनाना ही वर्तमान सरकार का लक्ष्य है। इस उददेश्य की प्राप्ति के लिए प्रदेश सरकार राज्य के सभी क्षेत्रों और समाज के सभी वर्गों के सर्वांगीण एवं संतुलित विकास के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि निर्धन और निर्बल वर्ग सरकार की नीति एवं नियोजन का केंद्र बिंदु है तथा आम आदमी का उत्थान एवं कल्याण को सरकार प्राथमिकता प्रदान कर रही है। 

उन्होंने कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्य बिना किसी भेदभाव के पूर्ण किए जाएंगे तथा जरूरतमंद और पात्र लोगों को कल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ मिले इस के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है तथा बड़सर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को किसी भी तरह की समस्या हो तो वह सीधे संपर्क कर सकते हैं।इस अवसर पर मुख्यातिथि ने दलचेहड़ा में जिम बनाने के लिए एक लाख की राशि भी स्वीकृत की गई। कार्यक्रम में पीसीसी डेलिगेट राजेंद्र जार, जिला परिषद सदस्य यशवीर पटियाल, ग्राम पंचायत प्रधान सुरेश, प्रेम चंद सागर, कैप्टन सुरेंद्र सोनी, दीना नाथ, शेखर दास धीमान,पुरूषोत्तम पटियाल ने भी अपने विचार रखे जबकि कांग्रेस के महासचिव पवन कालिया भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।