5 Dariya News

पंजाबियों को मोदी से राष्ट्रवाद पर सबक लेने की जरूरत नहीं है : मनीष तिवारी

5 Dariya News

नवांशहर 09-May-2019

सीनियर कांग्रेसी नेता और श्री आनंदपुर साहिब से पार्टी के उम्मीदवार मनीष तिवारी ने कहा है कि पंजाबियों और कांग्रेसियों को किसी से, कम-से-कम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से, राष्ट्रवाद पर सबक लेने की जरूरत नहीं है। तिवारी ने मोदी द्वारा पूरी तरह से झूठ बोलकर भूतपूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए, अत्यधिक निचले स्तर तक गिर जाने की निंदा की।यहां पार्टी के कई बैठकों में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में भाजपा के राष्ट्रवाद पर कांग्रेस के जवाब को लेकर एक पूछें सवाल पर, तिवारी ने कहा कि कांग्रेसियों और पंजाबियों को राष्ट्रवाद पर किसी से भी सबक लेने की जरूरत नहीं है।उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए जेल जाने और अपनी जानों का बलिदान देने वाले अधिकतर स्वतंत्रता सेनानी पंजाबी थे और वे सभी कांग्रेसी थे। उन्होंने प्रधानमंत्री से एक भी भाजपा राष्ट्रवादी का नाम बताने को कहा, जिसने उनकी विचारधारा का प्रतिनिधित्व किया हो।इसी तरह, उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा हेतु अपने प्राणों का बलिदान देने के मामले में भाजपा कांग्रेस के मुकाबले कहीं भी नहीं खड़ी दिखाई देती। 

उन्होंने कहा कि श्रीमती इंदिरा गांधी, श्री राजीव गांधी, स. बेअंत सिंह, उनके पिता प्रो विश्वनाथ तिवारी सहित कई कांग्रेसियों ने देश के लिए अपनी जानों को कुर्बान कर दिया। उन्होंने मोदी से सवाल किया कि क्या वह भाजपा के एक भी नेता का नाम बता सकते हैं, जिसने देश के लिए अपनी जिंदगी को कुर्बान किया हो।तिवारी ने अकाली उम्मीदवार प्रेम सिंह चंदूमाजरा के उन दावों पर कोई भी प्रतिक्रिया जाहिर करने से इंकार कर दिया कि श्री आनंदपुर साहिब एक पंथक हल्का है। उन्होंने कहा कि उनके लिए पंजाब की हर सीट पंथक है, क्योंकि हर कोई आपसी भाईचारे और किसी के साथ भेदभाव नहीं करने के पंथक विचारों में विश्वास करता है।कांग्रेसी नेता ने कहा कि चंदूमाजरा के अपने विचार हैं, जो हलके के लोगों के विरोध के चलते निराश नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई जगह लोगों ने उनके खिलाफ वापस जाओ के नारे लगाए, क्योंकि चंदूमाजरा बीते 5 सालों में पूरी तरह से विफल रहे हैं।इस अवसर पर तिवारी के साथ स्थानीय विधायक अंगद सिंह सैनी और क्षेत्र के अन्य सीनियर कांग्रेसी नेता भी मौजूद रहे।