5 Dariya News

एन.आर.आई .के साथ धोखाधड़ी करने के मामले में चंदूमाजरा के विरुद्ध केस दर्ज होना चाहिए : मनीष तिवारी

5 Dariya News

रोपड़ 08-May-2019

श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार मनीष तिवारी ने अकाली सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा के खिलाफ एनआरआई जसप्रीत सिंह सिद्धू के साथ एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में केस दर्ज किए जाने की मांग की है।मोरिंडा में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में एक वीडियो को लेकर, जिसमें पीड़ित एक टेलीविजन को बता रहा है कि चंदूमाजरा ने साल 2014 में पंजाब ह्यूमन राइट्स कमीशन का मेंबर बनवाने के लिए उससे एक करोड़ रुपये लिए थे, से सम्बंधित एक सवाल के जवाब में तिवारी ने कहा कि आरोप बहुत ही गंभीर हैं और इन्हें आसानी से खारिज नहीं किया जा सकता।कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि मामला दिसंबर 2014 का है। जब राज्य में अकाली दल की सरकार थी और साफ तौर पर कोई भी उस समय पार्टी के सांसद के विरुद्ध कार्रवाई नहीं कर सकता था और पीड़ित न्याय के लिए गुहार लगाता रहा।उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि संबंधित अधिकारी सिद्धू की ओर से लगाए गए आरोपों पर नोटिस लेंगे और चंदूमाजरा के खिलाफ धोखाधड़ी के लिए बनती धाराओं के तहत केस दर्ज किया जाएगा, जिस मामले की जल्द से जल्द जांच होनी चाहिए।जबकि एक सवाल कि 2 साल से राज्य में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद मामले में क्यों कार्रवाई नहीं हुई, के जवाब में तिवारी ने कहा कि वह मामले में ध्यान देंगे व सुनिश्चित करेंगे कि वह पीड़ित तक पहुंचे और उसे न्याय दिलाया जाए।कांग्रेसी नेता बड़े-बड़े नैतिक आधार लेने वाले अपने अकाली विरोधी पर बरसे, जिन्होंने लोगो को नियुक्तियां दिलाने के नाम पर उनसे धोखा किया। उन्होंने कहा कि हैरानीजनक है कि खुद को पन्थ का सच्चा हिमायती बताने वाले चंदूमाजरा भोले-भाले लोगों को धोखा दे रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि कानून अपना काम करेगा और दोषी को सजा मिलेगी।इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री व स्थानीय विधायक चरणजीत सिंह चन्नी की मौजूदगी में, तिवारी ने क्षेत्र में बहुत सारे विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोगों में बहुत उत्साह देखने को मिल रहा है। इससे साफ होता है कि केंद्र से मोदी और श्री आनंदपुर साहिब से चंदूमाजरा की रवानगी हो रही है।