5 Dariya News

भाजपा को हराने हमने वोटकटवा प्रत्याशी खड़े किए हैं : प्रियंका गांधी

5 Dariya News

अमेठी/रायबरेली 01-May-2019

कांग्रेस महासचिव व पूर्वी उप्र की प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को हम कई सीटों पर कड़ी टक्कर दे रहे हैं और जहां पर हमारा प्रत्याशी कमजोर है, वहां पर ऐसे लोगों को लड़ाया है, जो भाजपा का वोट काटें।प्रियंका गांधी ने बुधवार को अमेठी में कहा, "इस बार उत्तर प्रदेश में भाजपा को तगड़ा झटका लगेगा। वह बुरी तरह हारेगी। जिन सीटों पर कांग्रेस मजबूत है और हमारे उम्मीदवार कड़ी टक्कर दे रहे हैं, वहां कांग्रेस जीतेगी। जहां हमारे उम्मीदवार थोड़े हल्के हैं, वहां हमने ऐसे उम्मीदवार दिए हैं, जो भाजपा का वोट काट सकें।"अमेठी दौरे के दूसरे दिन सलोन विधानसभा में लोगों को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी 56 इंच का सीना दिखाते हैं। 56 इंच का सीना है इनका, इसको वह बड़ा कैसे करते हैं। वह आप को नहीं चाहते हैं। वह नहीं चाहते हैं कि जनता मजबूत हो। वह खुद को मजबूत करते हैं, आपको दबाकर वह खुद को मजबूत कर रहे हैं, ताकि आप इनसे प्रश्न न कर पाओ।"उन्होंने कहा, "आप आवाज उठाओ और अपनी जागरूकता दिखाओ। वे लोग हम पर वंशवाद करने की बात करते हैं। यह वंशवाद नहीं है। भाजपा को उप्र में बड़ा झटका लगने वाला है। ये लोग यहां से बुरी तरह हार जाएंगे।"प्रियंका गांधी ने मोदी पर हमला बोलते हुए कहा, "कोई उनकी आलोचना करता है तो उसे बंद करवा देते हैं। कोई राजनीतिक शक्ति नहीं होती है। राजनीतिक शक्ति वह होती है, जो जनता का आदर-सम्मान करे। कोई सिखाए तो सीखो समझो और दिखाओ। आपने ऐसे नेता को यहां देखा है, जो आप का आदर करता है? आपको वह मानते हैं? यहां मंच पर खड़े हैं तो जनता उनके सामने होती है।"प्रियंका ने कहा, "हम यहां आते हैं तो जनता से बात करते हैं। यहां की जनता को किसी ने गुमराह नहीं किया है। जिसने काम किया है, जनता उसे ही वोट देती है।"