5 Dariya News

महाभारत के रण में अर्जुन खरा उतरा था, इस रण में भी खरा उतरेगा: अर्जुन चौटाला

गांव प्यौदा में सैकड़ों हुए इनेलो में शामिल

5 Dariya News

कैथल/कलायत 29-Apr-2019

कुरुक्षेत्र लोकसभा से इनेलो प्रत्याशी अर्जुन चौटाला ने हलका कलायत के गावों का दौरा करते हुए कहा कि हलकावासी चश्मे का बटन दबा मुझे जितवाकर इनेलो को मजबूत बनाने का काम करें। इनेलो प्रत्याशी सोमवार को प्यौदा, तितरम, खरक, रामगढ़, चौशाला, बालू, बड़सीकरी, खेड़ी शेरखां, मटौर, शिमला, ढूंढवा, कौलेखां, कुराड़ और दुब्बल सहित कई गांवों में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान विभिन्न गांवों में टै्रक्टर, मोटरसाइकलों व अन्य वाहनों के विशाल काफिले के साथ अर्जुन चौटाला का भव्य स्वागत किया और समूचा क्षेत्र ‘देवीलाल अमर रहे, इनेलो जिंदाबाद, भाई अर्जुन चौटाला आगे बढ़ो हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारों से गूंज उठा। हर वर्ग के लोगों ने अर्जुन चौटाला को जीत का आशीर्वाद दिया।उन्होंने कहा कि अगर आपके आशीर्वाद से मैं संसद पहुंचा तो आपके रोजगार की बात उठाने का काम किया जाएगा और किसानों की समस्याओं को उठाएंगा। कुरुक्षेत्र मेरी कर्मभूमि है। पहली रणभूमि कुरुक्षेत्र है। उस रण में अर्जुन खरा उतरा था। इस रण में अर्जुन आपके लिए, इलाके के लिए, इनेलो के लिए अर्जुन खरा उतरेगा।

पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश व प्रदेश ने जिस चाव से भाजपा को सत्ता सौंपी थी। उससे आज जनता ठगा हुआ महसूस कर रही है। भाजपा ने जनता का विश्वास तोड़ा है। सभी वायदे चुनावी जुमले साबित हुए। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं की गई। किसानों को समर्थन की बजाए लाभकारी मूल्य देने की बात थी। इसमें से एक भी बात पूरी नहीं की गई। व्यापारियों, कर्मचारियों, उद्योगपतियों, युवाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाए गए थे। जीएसटी, नोटबंदी, नौकरी बंदी जैसी नीतियों के कारण आज पूरा देश सडक़ पर है। आरक्षण की आग में भाजपा ने प्रदेश को जला दिया। प्रदेश के 32 नौजवान चले गए। 15 से ज्यादा आज भी जेलों में बंद हैं। कई परिवार उजड़ गए। कई परिवार दस-दस साल की सजा काट रहे हैं। भाईचारा तोड़ा गया। डेरा प्रेमियों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गईं। 42 से ज्यादा लोग मारे गए। इसी प्रकार से एक अन्य डेरा प्रकरण में 6 लोग मरे। 

प्यौदा में सैंकड़ों ने अर्जुन चौटाला का किया समर्थन

गांव प्यौदा में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सरपंच हुक्म सिंह प्यौदा, बलजीत, तरसेम व रणदीप ने अपने सैकड़ों साथियों सहित लोकसभा प्रत्याशी अर्जुन चौटाला का समर्थन करते हुए इनेलो में शामिल होने की घोषणा की जिस पर अर्जुन चौटाला ने सभी को पार्टी का गले में पटका पहनाकर पूरा मान-सम्मान देने का वायदा किया।