5 Dariya News

फिरोजपुर से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे सुखबीर बादल

5 Dariya News

चंडीगढ़ 23-Apr-2019

गुरुग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामलों का प्रतिघात झेल रहे शिरोमणी अकाली दल (एसएडी) के अध्यक्ष सुखबीर सिह बादल ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के इरादे से लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है।सुखबीर बादल ने मंगलवार को पाकिस्तान के साथ अंतर्राष्ट्रीय सीमा साझा करने वाले क्षेत्र फिरोजपुर से लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की।सुखबीर अभी जलालाबाद से विधायक हैं।सुखबीर की पत्नी व केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल बठिंडा से अकाली दल की उम्मीदवार हैं। 2009 और 2014 में उन्होंने इसी सीट से जीत हासिल की थी।फिरोजपुर में सुखबीर बादल का सामना कांग्रेस प्रत्याशी शेर सिंह गुभाया से होगा।फिरोजपुर के मौजूदा सांसद गुभाया 2014 में अकाली दल के टिकट पर विजयी हुए थे।दो साल पहले अकाली दल से मतभेद के बाद उन्होंने पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया था। उनके बेटे 2017 से कांग्रेस के विधायक हैं।कांग्रेस ने रविवार को उन्हें फिरोजपुर संसदीय सीट पर उम्मीदवार घोषित किया।वहीं, हरसिमरत का सामना कांग्रेस प्रत्याशी व मौजूदा विधायक अमरिंदर सिंह राजा वारिंग और आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता व मौजूदा विधायक सुखपाल सिंह खैरा से होगा।