नए गवर्नर आरबीआई को कमजोर करेंगे, सरकार के इशारे पर नाचेंगे : पी. चिदंबरम
5 Dariya News
नई दिल्ली 12-Dec-2018
शक्तिकांत दास को आरबीआई गवर्नर नियुक्त करने के सरकार के फैसले पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि वह सरकार के इशारे पर नाचेंगे।इसके साथ ही पार्टी ने कहा कि सरकार ने एक प्रख्यात अर्थशास्त्री के बदले उस नौकरशाह को आरबीआई गवर्नर बनाया, जिसने नोटबंदी का बचाव किया था। यह कदम संस्थान को कमजोर कर देगा। पूर्व वित्तमंत्री पी. चिदंबरम ने कहा कि 2016 की नोटबंदी के कदम के बचाव के लिए दास महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त होने वाले दूसरे व्यक्ति हैं, जो दिखाता है कि सरकार आम लोगों के प्रति असंवेदनशील है। चिदंबरम नोटबंदी का बचाव करने के लिए पहले नेता के तौर पर परोक्ष रूप से मुख्य आर्थिक सलाहकार कृष्णमूर्ति सुब्रह्मण्यम का संदर्भ दे रहे थे। चिदंबरम ने ट्वीट किया, सरकार ने ऐसे दो लोगों को दो महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया है, जिन्होंने नोटबंदी का समर्थन किया था। मोदी सरकार के बारे में क्या कहा जाए? क्या सरकार देश के लोगों को यह कह रही है कि आप क्या सोचते हैं, हमें इससे कोई मतलब नहीं, हम वही करेंगे, जिससे हमें खुशी मिलती है?