5 Dariya News

जरूरतमंद महिलाओं का जीवनस्तर उंचा उठाने को वचनबद्ध सरकार : करण अवतार सिंह बराड़

पंजाब के मुख्य सचिव ने पाइटैक्स में स्टाल लगाने वाली महिलाओं का किया उत्साहवर्धन

5 Dariya News

अमृतसर 08-Dec-2018

पंजाब सरकार सेल्फ हेल्प ग्रुप के माध्यम से जरूरतमंद महिलाओं का जीवन स्तर उंचा उठाने के लिए वचनबद्ध है। इसके लिए सभी जिला उपायुक्तों व अतिरिक्त उपायुक्तों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वह पंजाब सरकार की योजनाओं के साथ महिलाओं को जोडऩे का काम करें।उक्त विचार पंजाब के मुख्य सचिव करण अवतार सिंह बराड़ ने स्थानीय रणजीत एवेन्यू में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित किए जा रहे पाइटैक्स-2018 का अवलोकन करने के बाद यहां भाग ले रही महिलाओं से बातचीत में व्यक्त किए। पाइटैक्स मेले के दौरान मुख्य सचिव ने पंजाब सरकार के संस्थान पंजाब टूरिज्म, मार्कफेड, मिलफैड व पेडा समेत कई स्टालों का दौरा करके यहां मौजूद महिलाओं व प्रगतिशील किसानों का उत्साहवर्धन किया। मुख्य सचिव ने यहां मौजूद फुलकारी सेल्फ हेल्प ग्रुप चमकौर साहिब की जसपाल कौर व गुरमीत कौर से बातचीत करके उनके कामकाज के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की। 

मुख्य सचिव ने पाइटैक्स मेले में मौजूद महिलाओं से उनके द्वारा चलाए जा रहे सेल्फ हेल्प ग्रुपों के बारे में जानकारी हासिल की और उनका उत्साहवर्धन किया।इसके बाद मुख्य सचिव ने गांव तनसिक्का के प्रगतिशील किसान सुलतान सिंह द्वारा यहां लगाए गए आग्रेनिक हल्दी व ऐलोवीरा के स्टाल में विशेष दिलचस्पी दिखाई। उन्होंने किसान सुलतान सिंह द्वारा पारंपरिक खेती को छोडक़र वैकल्पिक खेती अपनाए जाने की प्रशंसा करते हुए कहा कि किसानों को आधुनिक प्रशिक्षण के साथ इस तरह की खेती को बढ़ावा देना चाहिए। इस अवसर पर अमृतसर के जिला उपायुक्त कमलदीप सिंह सांघा ने बताया कि अमृतसर जिला में चलाए जा रहे महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रुपों के माध्यम से सैकड़ों महिलाएं अपना जीवन यापन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सेल्प हेल्प ग्रुपों को उत्साहित करने के लिए नियमित रूप से गावों में महिला मंडलों के साथ बैठकों का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स के पंजाब चैप्टर के चेयरमैन आर.एस. सचदेवा, चैंबर की क्षेत्रीय निदेशक मधु पिल्ले व स्थानीय संयोजक जयदीप सिंह के अलावा कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।