5 Dariya News

उत्तर प्रदेश : फिरोजाबाद पहुंचे मुलायम सिंह यादव व अखिलेश यादव, भाजपा पर साधा निशाना

5 Dariya News

लखनऊ/आगरा 07-Dec-2018

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के नसीरपुर में समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव और अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कारगिल युद्ध शहीद ब्रजलाल की प्रतिमा का अनावरण किया। दोनों नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला। अखिलेश ने बुलंदशहर की घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा, “यह घटना सरकार की ‘ठोको नीति’ का नतीजा है। मुख्यमंत्री सदन में कहते हैं- ठोक दो! बुलंदशहर और लखनऊ में देख लो किसको ठोक दिया। यही मुख्यमंत्री रहें, तभी हम 300 सीटें जीतेंगे। लोकसभा चुनाव आ रहा है। लोगों को भाजपा जैसी पार्टियों से सावधान रहने की जरूरत है।” उन्होंने कहा कि भाजपा ने सेना का अपमान किया। जहां जवान दुखी हैं, वहीं किसानों को बुरे हाल पर लाकर छोड़ दिया। भाजपा की साढ़े चार साल की सरकार के दौरान 350 सैनिक शहीद हुए हैं। अब ये लोग उनकी शहादत की बात नहीं करते। प्रधानमंत्री मोदी ने एक के बदले दस सिर लाने का वादा किया था। कहां गया वो वादा? वन रैंक वन पेंशन पर भी कुछ काम नहीं किया। रक्षा विभाग का बजट कम कर बुलेट ट्रेन चलाने की तैयारी कर रहे हैं। अब देश को बुलेट ट्रेन की नहीं, फौजी को बुलेटफ्रूफ जैकेट चाहिए। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा ने चुनाव में कहा था कि आलू किसानों को राहत देंगे। खाद कितनी महंगी हो गई। उज्‍जवला के चूल्हे दुबारा नहीं चले। कांग्रेस की महंगाई को भाजपा ने आसमान में पहुंचा दिया। 

कौन गरीब एक हजार रुपये में सिलिंडर लेगा? मोदी खुद तो विदेश घूमते हैं, लेकिन बेरोजगार युवा जगह-जगह धक्के खा रहे हैं।अखिलेश ने कहा, “मैं नेताजी का आभार जताता हूं कि आप अपनों के बीच आए हैं। हम ब्रजलाल यादव के शौर्य को नमन करते हैं। पहले शहीदों का सामान लेकर फौज घर आती थी। नेताजी ने फैसला बदला, अब शहीद को घर लाया जाता है। यदि धैर्य सीखना है तो फौजियों से सीखिए। वर्तमान सरकार ने फौज को भी राजनीति में जोड़ दिया है। नेताजी ने फैसला किया कि सरकार की तरफ से शहीद के परिवार को मदद देंगे। हमने 20 लाख रुपये की मदद दी।”वहीं, मुलायम सिंह यादव ने कहा, “बहुत दिनों के बाद इस इलाके में आया हूं। यहां हर गांव में सभाएं की हैं। आज खुशी है कि आज की सभा सबसे बड़ी है। नेताओं को समझना चाहिए, संकल्प लेना चाहिए कि यहां की जनता की समस्याओं का हल करना है। हम सब आपके पत्र पर काम करेंगे। यह चुनाव महत्वपूर्ण हो गया है। भाजपा हर कोने में पैसा खर्च कर रही है। इसके जवाब में आप सभी को पसीना बहाना है।”उन्होंने कहा, “अखिलेश को इस बार के चुनाव में बहुत मेहनत करनी है। भाजपा की सरकार कुछ भी कर सकती है। अब आप सभी को यहां से संकल्प लेकर जाना कि भाजपा की सरकार हटानी है। इस सरकार में किसी को कुछ नहीं मिला। समाजवादी पार्टी ने सभी वर्गो के लिए काम किया। भाजपा सिर्फ अपने लिए काम करती है।”