5 Dariya News

भविष्य की जरूरतों के अनुरूप होंगे जरूरी बदलाव : रोहित सावल

5 Dariya News

धर्मशाला 03-Dec-2018

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के मीडिया सलाहकार रोहित सावल और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक हरबंस सिंह ने सोमवार को धर्मशाला में ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में शिरकत की।पत्रकारों से बातचीत करते हुए रोहित सावल ने धर्मशाला प्रेस क्लब भवन के निर्माण के मामले में सरकार और विभाग की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित भवन निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अखिलेश भारती ने भवन निर्माण को लेकर एक प्रस्तुति दी। वरिष्ठ पत्रकार प्रेम सूद तथा अरविंद शर्मा ने पत्रकारों को सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही बीमा योजना के बारे में अपनी राय सांझा की। निदेशक हरबंस सिंह ने तमाम पत्रकारों को उनसे प्राप्त फीडबैक को सरकार से साझा करने पर आश्वासन दिया।इस अवसर पर अगले सप्ताह होने वाले विधानसभा सत्र के बारे में भी विचार विमर्श हुआ। सावल तथा हरबंस सिंह ने प्रस्तावित प्रेस क्लब की निर्माण साईट का निरीक्षण भी किया। इससे पूर्व उन्होंने  उपायुक्त संदीप कुमार से भेंट कर अगले सप्ताह होने वाले विधानसभा सत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मीडिया सलाहकार तथा निदेशक ने विभाग की कार्य प्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि विभिन्न वर्गों तथा लोगों से प्राप्त फीडबैक को आधार बना कर विभाग के अत्याधुनिकरण की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। 

उन्होंने कहा कि सरकार तथा लोगों के मध्य लोक संपर्क विभाग एक सशक्त कड़ी के रूप में पिछले कई दशकों से कार्यरत है। लेकिन समय के साथ हो रहे तकनीकी बदलावों के दृष्टिगत इस प्रक्रिया को और बेेहतर बनाने के लिए भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर जरूरी बदलाव किया जाएगा। इसके बाद रोहित सावल और हरबंस सिंह ने कांगड़ा से प्रकाशित होने वाले विभिन्न समाचार पत्रों के संपादकों से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने दिव्य हिमाचल समाचार पत्र के प्रधान संपादक अनिल सोनी, दैनिक जागरण समाचार पत्र के राज्य संपादक नवनीत शर्मा, हिमाचल दस्तक के संपादक हेमंत कुमार और पंजाब केसरी के समाचार संपादक विनय विशिष्ट से भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों और प्रदेश सरकार के कार्यों पर सभी संपादकों से विस्तृत चर्चा की और विभिन्न विषयों पर जानकारी हासिल की। इस अवसर पर प्रचार प्रसार के विभिन्न साधनों पर विचार विमर्श हुआ और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर भी विचार विमर्श किया गया। इस मौके पर उपनिदेशक सूचना जनसंपर्क अजय पराशर एवं विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।