750 करोड़ रूपये के नहरी पानी प्रोजेक्ट पर एशियन डेवलेपमेंट बैंक के समक्ष पे्रजेंटेशन दी प्रशासन ने
जमीन अधिग्रहण का कार्य जल्द शुरू होगाः अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर
5 Dariya News
पटियाला 01-Dec-2018
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के दिशा निर्देशों व पूर्व विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर की पहल पर पटियाला शहर के लोगों को पीने के लिए शुद्ध व अंर्तराष्ट्रीय स्तर के पैमाने पर खरा उतरने वाले नहरी पानी की व्यवस्था करने शुरू होने वाले नहरी पानी प्रोजेक्ट को लेकर आज एशियन डेवलेपमेंट बैंक के अधिकारियों के समक्ष जिला प्रशासन ने प्रेजेंटेशन दी है। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर शौकत अहमद परै की अध्यक्षता में आयोजित की गई इस वर्कशाप में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों जल आपूर्ति व सेनीटेशन, सीवरेज, भखड़ा मैन लाईन, सिंचाई व नगर निगम के अधिकारियों के साथ-साथ अन्य संबंधित विभागों ने भाग लिया है। बैठक में बताया गया कि प्रोजेक्ट के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा और विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर अगले दो से तीन महीनों में टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पटियाला की वर्तमान आबादी 4.9 लाख की तुलना में अगले 30 साल में शहर की लगभग दौगुनी होने वाली संभावित आबादी नौ लाख को ध्यान में रख कर बनाया जा रहा है। श्री परै ने बताया कि वर्ष 2051 को ध्यान में रख कर दो चरणों में तैयार होने वाले इस प्रोजेक्ट का पहला चरण अबलोवाल गांव में तैयार किया जाएगा।
इस क्षेत्र में लगभग 32 एकड़ जमीन पर प्रोजेक्ट के लिए पानी स्टोर कर शोधित किया जाएगा। इस रिजरवायर पर भाखड़ा नहर से पटियाला के लिए आने वाला 33.8 क्यूसिक पानी लिया जाएगा जबकि इसके बाद के अगले प्रोजेक्ट के लिए घग्गर नहर में से पानी लिया जाएगा, इसके लिए शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर अन्य स्थान पर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। जहां से कुल 63 क्यूसिक पानी का प्रबंध किया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों से एनओसी लेने के अलावा विस्तृत डिजाईन तैयार करने के लिए भी कहा गया है। उल्लेखनीय है कि 750 करोड़ रूपये की लागत से पटियाला में शुरू होने वाले नहरी पानी प्रोजेक्ट के लिए 525 करोड़ रूपये के ऋण के लिए एशियन विकास बैंक ने मंजूरी दे दी है, जबकि शेष राशि राज्य सरकार की ओर से वहन की जाएगी। इससे शहर में लगभग एक लाख पानी के कनेक्शन दिए जाएंगे। बैठक में नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर श्री अंकुर महेंदू्र, प्रोजेक्ट के लिए बनाई गई पांच सदसीय कमेटी के अध्यक्ष पूर्व चीफ इंजीनियर श्री दलजीत सिंह के अलावा एशियन डेवलेपमेंट बैंक की ओर से संजय जोशी व संजय कौल व संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।