5 Dariya News

भाजपा दोहरे अंक की वृद्धि दर देने में असफल रही : पी. चिदंबरम

5 Dariya News

जयपुर 01-Dec-2018

पूर्व वित्तमंत्री पी. चिदंबरम ने शनिवार को कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बीते चार वर्षो में दोहरे अंक के वृद्धि के वादे को पूरा करने में विफल रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा अपने बचे छह माह के कार्यकाल में भी इस वादे को पूरा नहीं कर पाएगी। उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, इस सरकार ने दोहरे अंक के वृद्धि दर का वादा किया था। वे बीते चार वर्षो में कभी इस वृद्धि को प्राप्त नहीं कर सके। वे लोग इसे अंतिम वर्ष भी प्राप्त नहीं कर सकेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि हर क्षेत्र में संकट है, चाहे वह बैंकिंग, उद्योग, विनिर्माण या रियल-इस्टेट का क्षेत्र हो। कांग्रेस नेता ने नोटबंदी को देश का सबसे बड़ा घोटाला करार दिया और कहा कि अगर कांग्रेस केंद्र में सरकार बनाएगी तो पार्टी इसकी जांच करवाएगी। उन्होंने कहा, नोटबंदी के बारे में भाजपा सरकार के वादे सभी मोर्चे पर विफल रहे। जबकि इससे कई जिंदगियां चली गई, कई छोटे उद्योग बंद हो गए। एक बार हमारी सरकार आ जाएगी तो हम इसकी पूरी जांच करवाएंगे और जीएसटी के ढांचे में बदलाव लाएंगे।