5 Dariya News

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया कृषि विश्विद्यालय हिसार का दौरा

5 Dariya News

हिसार 17-Nov-2018

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने आज चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार का दौरा किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने उन्हें विश्वविद्यालय के विभिन्न शोध केन्द्रों में चल रही विभिन्न गतिविधियों से अवगत करवाया।राज्यपाल दीनदयाल उपाध्याय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर आर्गेनिक फार्मिंग गये और इस दिशा में किये जा रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने आधुनिक कृषि बीज बैंक का भी दौरा किया और पारम्परिक बीज व उनकी उपलब्धता किसानों तक किस तरह की जा रही है, की जानकारी ली। डॉ. आई. एस. पवार ने बीज बैंक की आधुनिक तकनीक की विस्तृत जानकारी दी।इसके पश्चात, राज्यपाल वेजिटेबल ग्राफ्टिंग सेंटर भी गये। डॉ. इंदु अरोडा ने राज्यपाल को वेजिटेबल पर वैज्ञानिक ग्राफ्टिंग प्रक्रिया से अवगत करवाया। राज्यपाल ने कृषि क्षेत्र में किये जा रहे शोध व अन्य गतिविधियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि शोध का लाभ किसानों को सीधे तौर पर मिलना चाहिए। उन्होंने आग्रह किया कि प्राकृतिक कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिकों को शोध की आवश्यकता है तथा उन्हें इस दिशा में किसानों को भी जागरूक करने की आवश्यकता है ताकि प्राकृतिक उत्पाद का लाभ मिल सके और किसानों की आये भी बढ़ सके।  उन्होंने कहा कि इस दिशा में हिमाचल प्रदेश में व्यापक कार्य किया जा रहा है।