कश्मीर विधानसभा में राज्यपाल के संबोधन में व्यवधान
5 दरिया न्यूज
जम्मू (आईएएनएस) 10-Feb-2014
जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को शुरू हुआ। लेकिन विपक्षी सदस्यों ने राज्यपाल एन.एन. वोहरा के संबोधन में व्यवधान पैदा किया, जिसके कारण उन्हें अपना भाषण संक्षेप में समाप्त करना पड़ा। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने और एक निर्दलीय विधायक ने वोहरा के संबोधन में व्यवधान पैदा किया। विधायकों ने एक पूर्व मंत्री द्वारा किए गए कथित यौन उत्पीड़न और राज्य में नई प्रशासनिक इकाइयों के गठन के मुद्दे उठाए। विपक्षी सदस्यों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आरोपी पूर्व मंत्री, शाबिर अहमद खान को बचाने की कोशिश कर रही है, क्योंकि पुलिस अभी तक उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जबकि उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुए चार दिन हो गए हैं। हंगामे के बाद राज्यपाल ने अपना भाषण रोक दिया और बाद में उसे संक्षिप्त रूप में पेश किया। विधानसभा अध्यक्ष और विधान परिषद के सभापति ने बाद में राज्यपाल के अभिभाषण की प्रतियां दोनों सदनों के पटल पर रखी।