शहीद स्मारक के सौंदर्यकरण के लिए धन की नहीं रखी जाएगी कमी : किशन कपूर
5 Dariya News
धर्मशाला 01-Nov-2018
खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने कहा कि धर्मशाला शहीद स्मारक शहीदों का मंदिर है तथा इसकी सुन्दरता को बढ़ाने के लिए धन की कोई कमी नहीं रखी जाएगी। कपूर ने कहा कि शहीद स्मारक के सौन्दर्यीकरण के लिए उन्होंने 10 लाख रुपये की धन राशि प्रदान की है तथा सांसद शांता कुमार ने भी शहीद स्मारक में जनसुविधा से जुड़े कार्यों के लिए 21 लाख रुपये दिए हैं। उन्होंने शहीद स्मारक में सौंदर्याकरण के विभिन्न कार्यों को पूरा करने के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।कपूर आज धर्मशाला में डीआरडीए सभागार में शहीद स्मारक के रखरखाव व सौंदर्यकरण के संबंध में शहीद स्मारक संचालक समिति के सदस्यों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।कपूर ने कहा कि धर्मशाला शहीद स्मारक सैनिकों और राष्ट्र की सुरक्षा में किए गए उनके असाधारण प्रयासों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का पवित्र स्थल है। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को शहीद स्मारक की सुंदरता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।इस अवसर पर शहीद स्मारक संचालक समिति के सदस्यों ने अपने बहुमूल्य सुझाव दिये। इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा शहीद स्मारक संचालक समिति के सदस्य मौजूद थे।