5 Dariya News

ईमानदारी से कर्तव्य का पालन करें : शांता कुमार

आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्राथमिकता : विपिन सिंह परमार

5 Dariya News (मनोज रतन)

पालमपुर 28-Oct-2018

‘‘नजर बदलती है, तो नजारा बदलता है और दृष्टि बदलती है तो सृष्टि बदलती है’’ यह उदगार सांसद, शांता कुमार ने रविवार को सिविल अस्पताल पालमपुर में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए व्यक्त किये।शांता कुमार ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, विपिन सिंह परमार की उपस्थिति में सिविल अस्पताल पालमपुर में विभिन्न आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने सांसद निधि से 25 लाख रुपए की लागत से एंडोस्कोपी सुविधा, 14 लाख रुपए की लागत से अल्ट्रासाउंड कलर डोपलर, डिजिटल एक्सरे सुविधा, ब्रेस्ट फीडिंग रूम, आंतरिक विभाग में साउंड सिस्टम और हॉस्पिटल की वेबसाइट का शुभारंभ किया।शांता कुमार ने कहा कि हमें चांदी के चंद सिक्कों के लिए नहीं, अपितू मातृ भूमि के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने सभी लोगों से जीवन में इमानदारी से कर्तव्य का पालन कर कार्य करने का आहवान किया। उन्होंने सिविल हॉस्पिटल में उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के लिए स्वास्थ्य मंत्री और अस्पताल के स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग प्रदेश में बुलंदियों को छूकर उत्कृष्ट सेवाएं प्रदेश के लोगों को प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल पालमपुर में एंडोस्कोपी सुविधा आरंभ होने से यह शिमला और टांडा के बाद तीसरा संस्थान बना है।उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों के तीमारदारों के लिए एक सरायं भवन का निर्माण किया गया था, लेकिन आज उसकी हालत ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरायं भवन को ठीक करने के लिए उन्होंने अतिरिक्त 10 लाख रुपये जारी किये हैं। उन्होंने पालमपुर अस्पताल के उत्थान के लिए कार्य कर रही विभिन्न संस्थाओं के योगदान की भी सराहना करते हुए बधाई दी। शांता कुमार ने कहा कि विकास केवल सरकार की जिम्मेवारी नहीं है अपितु विकास, सरकार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भगवान के बाद डॉक्टर को भी भगवान दर्जा दिया गया है, और अस्पताल में आए मरीजों से मधुर व्यवाहर उनकी आधी बीमारी दूर कर देता है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की सेवा ही भगवान की सच्ची सेवा है।

इस अवसर स्वास्थ्य मंत्री, विपिन सिंह परमार ने कहा कि सरकार, प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सिविल अस्पतालों में डिजिटल एक्सरे सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने सिविल अस्पताल में सांसद निधि से विभिन्न स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध करवाने में सहयोग के लिए शांता कुमार आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा की सांसद शांता कुमार ने मरीजों के तीमारदारों को ठहरने के लिए यहां सरायं भवन की व्यवस्था करवाई थी। इस सरायं भवन को ठीक करवाने के लिए प्राकलन तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित होने से इन योजनाओं को धरातल पर उतारना आसान होता है।उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे प्रयास कर रही है कि स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक स्वास्थ्य मशीनों उपलब्ध करवाई जायें, ताकि लोगों को अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा की पालमपुर में भी रेडक्रास सोसायटी को पंजीकृत करवा दिया गया है और आने वाले समय में समय में सभी गतिविधियां यहीं से संचालित की जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि जन सहयोग से अस्पताल में मरीजों के तीमारदारों के लिए सुबह का नाश्ता और रात तक भोजन की निशुल्क व्यवस्था किया जा रहा है जिसमें आप सभी लोग सहयोग दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक ने जिन समस्याओं का उल्लेख किया है आने वाले समय में इन समस्याओं का निराकरण चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।इस अवसर पर स्थानीय विधायक आशीष बुटेल ने भी शांता कुमार और स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार का सिविल अस्पताल में सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए धन्यवाद किया।कार्यक्रम में बैजनाथ के विधायक मुल्क राज प्रेमी, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा, त्रिलोक कपूर, पालमपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव सोनी, सुलह भाजपा मंडल अध्यक्ष देशराज शर्मा, प्रवीण शर्मा, मनोज रत्न, पालमपुर नगर परिषद के अध्यक्ष राधा सूद, एसडीएम पंकज शर्मा, डीएसपी पंकज शर्मा, डॉ विनय महाजन सहित चिकित्सक, स्टाफ व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।