5 Dariya News

बेहतर सिंचाई सुविधाएं प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता : किशन कपूर

कहा....धर्मशाला का योजनाबद्ध तरीके से समग्र एवं स्थायी विकास उनकी प्रतिबद्धता

5 Dariya News

धर्मशाला 26-Oct-2018

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर ने कहा कि प्रदेशवासियों को उनके घरद्वार पर स्वच्छ पेयजल तथा किसानों के अधिक से अधिक खेतों को सिंचाई सुविधाएं प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। कृषि गतिविधियों को और अधिक लाभप्रद बनाने के लिए यह आवश्यक है कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कूहलांे के स्त्रोत नवीनीकरण तथा सामुदायिक क्षेत्रों में कूहलों के सुदृढ़ीकरण पर अगले पांच वर्षों में 150 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि धर्मशाला क्षेत्र में अधिकतर कूहलों के जरिये सिंचाई की व्यवस्था है, इस नई बहाव सिंचाई योजना से कूहलों का सुधार होगा और इससे किसान-बागवान बड़े स्तर पर लाभान्वित होंगे।

झियोल में रखी बहाव सिंचाई योजना की आधारशिला

इस अवसर पर किशन कपूर ने झियोल में लगभग 10 लाख रुपए की लागत से बनने वाली झियोल बहाव सिंचाई योजना, बड़ी कूहल की आधारशिला रखी। इस बहाव सिंचाई योजना से झियोल के 56 परिवार लाभान्वित होंगे तथा क्षेत्र की 12 हैक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी।कपूर ने कहा कि धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में शहरी एवं ग्रामीण विकास की आवश्यकताआंे के अनुरूप योजनाएं चिन्हित कर कार्यों की प्राथमिकता तय की गई है। यह भी सुनिश्चित किया गया है कि आरंभ किए गए विकास कार्य निश्चित समय अवधि में पूरे हों ताकि लोगों को इनका शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सबको साथ लेकर विश्वास आधारित विकास को तरजीह दी गई है। 

उचित मूल्य की दुकानों पर बढ़िया गुणवत्ता के खाद्य पदार्थ करवाए जा रहे हैं उपलब्ध

किशन कपूर ने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों को उचित मूल्य की दुकानों पर सबसे बढ़िया गुणवत्ता के खाद्य उत्पाद उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डिपूओं में बढ़िया गुणवत्ता के चावल, आटा, दालें तथा चीनी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की दुकानों में चीनी व दालों के रेट में भी प्रति किलो 5 रुपए की कटौती की गई है। सरकारी एजेंसियों से खाद्यान खरीद के चलते सरकार को 7 महीनों में 66 करोड़ रुपए की बचत हुई है, इस प्रकार सालभर में करीब 112 करोड़ रुपए की बचत होगी। बचत का पैसा

विकास कार्यों पर व्यय किया जाएगा।

गरीब और कमजोर लोगों का कल्याण सरकार की प्राथमिकता

कपूर ने कहा कि गरीब और कमजोर लोगों का कल्याण सरकार की प्राथमिकता है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन की आयुसीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया गया है। सरकार समाज के कमजोर व उपेक्षित वर्गों के कल्याण के प्रति वचनबद्ध है। उन्होंने बताया कि 70 प्रतिशत से अधिक विकलांगता वाले व्यक्तियों तथा 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों की पेंशन बढ़ाकर 1300 रुपये प्रतिमाह की गई है।खाद्य आपूर्ति मंत्री ने कहा कि धर्मशाला का योजनाबद्ध तरीके से समग्र एवं स्थायी विकास उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 30 कल्याणकारी योजनाओं का बजट में प्रावधान किया है, इनको मिशन के रूप में धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इनके आरम्भ होने से प्रदेश में विकास की नई शुरूआत हुई है और प्रदेश के सभी लोगों को इनका लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में धर्मशाला विधान सभा क्षेत्र विकास की नई बुलंदियों की ओर बढ़ रहा है। क्षेत्र में बिजली, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य किया जा रहा है।कपूर ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री आर्शीवाद योजना शुरू की गई है । इस योजना के तहत चिकित्सा संस्थान में प्रसव कराने पर दी जाने वाली 700 रुपये की राशि के अतिरिक्त अस्पताल में जन्में सभी नवजात शिशुओं को 1500 रुपये मूल्य की ‘‘नव आगंतुक किट’’ भी दी जाएगी। इस प्रयोजन के लिए 15 करोड़ रुपये बजट का प्रावधान रखा गया है।

किशन कपूर ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना है जो देश के लगभग 50 करोड़ आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों को हर साल पांच लाख रूपये का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना से कांगड़ा जिला के लगभग डेढ़ लाख परिवार लाभान्वित होंगे, जिसका अर्थ है कि यहां करीब साढ़े 6 से 7 लाख तक की आबादी को योजना का सीधा लाभ मिलेगा।किशन कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के शासन काल में गरीब व कमजोर वर्गों के लोगों के कल्याण के लिये अभूतपूर्व काम हुए हैं। सरकार की प्राथमिकता पिछड़ों को समाज की मुख्यधारा में लाकर देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाना है। इसी प्रकार प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के नागरिकों और मजदूरों के लिए कई नई योजनाएं शुरू की गई हैं।उन्होंने प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार एवं प्रेम कुमार धूमल के मुख्यमंत्रीकाल में गरीबों के लिए आरंभ की गई अनेक कल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया और भाजपा सरकारों को गरीब हितैषी बताया।इससे पूर्व झियोल की प्रधान वीना देवी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा कृषक विकास संध के अध्यक्ष करतार चन्द ने खाद्य आपूर्ति मंत्री को सम्मानित किया।

खाद्य आपूर्ति मंत्री ने सुनी जनसमस्याएं

किशन कपूर ने झियोल में लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकतर समस्याओं का मौके पर समाधान कर दिया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर लोगों की समस्याओं का निपटारा करें ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़ें।इस अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष कैप्टन रमेश अटवाल, एसडीएम धर्मेश रमोत्रा, जनजातीय मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश जरयाल, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार, जिला वन अधिकारी प्रदीप कुमार, अधिशाषी अभियंता बिजली बोर्ड आर के खरवाल, अधिशाषी अभियंता आईपीएच विकास बख्शी, अधिशाषी अभियन्ता लोक निमार्ण विभाग अजय शर्मा, संयुक्त निदेशक कृषि एनके बधान, भू संरक्षण अधिकारी राहूल कटोच, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक नरेन्द्र धीमान, एरिया मैनेजर खेम चन्द, एसडीओ आईपीएच विपन कुमार, एसडीओ लोनिवि विनय मेहरा, सुरेश कौंडल, अशोक कुमार एंडी, पार्षद तेज सिंह, ओएसडी सुनील शर्मा, विनोद वरसैन, युवा मोर्चा अध्यक्ष राकेश चौधरी, चन्द्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।