मुख्यमंत्री बादल करेंगे तकनीकी एजुकेशन एंड स्किल डिवैल्पमेंट स्मिट का उदघाटन
5 दरिया न्यूज
मोहाली 07-Feb-2014
पंजाब सरकार,पीटीयू तथा पुटिया द्वारा संयुक्त रूप से शनिवार को आयोजित किए जा रहे तकनीकी एजुकेशन एंड स्किल डिवैल्पमेंट स्मिट की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पुटिया के संयोजक एवं आर्यन्स ग्रुप ऑफ कालेजिस के चेयरमैन डॉ अंशु कटारिया ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि स्मिट में सुबह का सत्र सैक्टर-78 स्थित स्पोटर्स कंप्लैक्स में आयोजित किया जाएगा, जबकि दूसरा सत्र सैक्टर-81 स्थित इंडियन बिजनेस स्कूल में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उदघाटन पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल द्वारा किया जाएगा जबकि राज्य के तकनीकी शिक्षा मंत्री मदन मोहन मित्तल समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस कार्यक्रम में पंजाब के विभिन्न कालेजों विश्वविद्यालयों संबंधित शिक्षाविदें के अलावा करीब 50 हजार विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए पंजाब तकनीकी विश्वविद्यालय के उपकुलपति रजनीश अरोड़ा ने पुटिया के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पुटिया के अध्यक्ष डॉ. जे. एस. धालीवाल, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सतनाम सिंह संधू, दोआबा ग्रुप के चेयरमैन मनजीत सिंह, श्री सांई ग्रुप के नरेश नागपाल, आर्यन्स ग्रुप ऑफ कालेजिस के चेयरमैन एवं पुटिया के संयोजक डॉ. अंशु कटारिया व तेजिंदर पाल सिंह संधू के अलावा पंजाब के विभिन्न शहरों से आए हुए करीब 200 कालेजों के चेयरमैनों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि इस समेलन में राज्य के करीब 400 कालेजों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। पंजाब के इतिहास में यह पहला मौका है जब पंजाब सरकार, पीटीयू, निजी विश्वविद्यालयों तथा निजी क्षेत्र के कालेजों द्वारा तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक मंच पर आकर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।