5 Dariya News

दिग्विजय सिंह का महापाप भुगतेगी कांग्रेस : शिवराज सिंह चौहान

5 Dariya News

रीवा (मध्यप्रदेश) 23-Oct-2018

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के 10 साल के शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह की सरकार ने प्रदेश में कई महापाप किए हैं और कांग्रेस को इन महापापों का खामियाजा भुगतना होगा। मुख्यमंत्री शिवराज ने मंगलवार को रीवा जिले के त्योंथर एवं सिरमौर में जनआशीर्वाद यात्रा के अंतर्गत आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह के शासन के दौरान प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी। प्रदेश में अंधेरा छाया था और बिजली गायब थी। किसानों की फसल सूख रही थी, सिंचाई के लिए पानी नहीं था। हेलीकॉप्टर से त्योंथर पहुंचे मुख्यमंत्री ने यहां आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। इन बुरे हालात में भाजपा की सरकार आई और पहले इस बीमारू राज्य को विकसित राज्य बनाया, अब समृद्ध बनाने की ओर आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, "कांग्रेस के समय में किसानों को 18 फीसदी ब्याज पर कर्ज मिलता था, लेकिन हमारी सरकार आने पर ब्याज दर को जीरो कर दिया गया। गेहूं का भाव हमने 2000 रुपये प्रति क्विंटल दिलाया और चने का भाव 1750 रुपये क्विंटल दिलाएंगे।"