सलाहकार बी.बी. व्यास ने व्यापार, औद्योगिक निकायों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर विचार-विमर्श किया
5 Dariya News
श्रीनगर 16-Oct-2018
राज्यपाल के सलाहकार बी.बी. व्यास ने आज एक बैठक की अध्यक्षता कर राज्य में ऊर्जा तथा ओद्यौगिक क्षेत्र से सम्बंधित मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में वित्त, ऊर्जा, उद्योग एवं वाणिज्य विभागों से सम्बंधित केसीसीआई, पीएचडी चैम्बर ऑफ कश्मीर तथा जम्मू, सीआईआई द्वारा उठाये गये मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। क्षतिग्रस्त वस्तुओं के लिए बाढ़ के बाद की अवधि से सम्बंधित इनपुट टैक्स क्रेडिट के परिवर्तन, औद्योगिक इकाईयों, होटल मालिकों तथा पर्यटक रिजार्ट मालिकों द्वारा सरकार को दिये गये बिजली बकाया पर ब्याज को छोड़ने के लिए माफी अवधि में विस्तार के मुददों पर सम्बंधित विभागों के साथ चर्चा की गई। बैठक में इसके अलावा औद्योगिक केन्द्रों में ठोस कचरा प्रबंधन सयंत्रों की उपलब्धता, पर्याप्त बिजली आपूर्ति, महत्वपूर्ण औद्योगिक केन्द्रों में ईएसआई अस्पतालों की स्थापना तथा पारम्परिक पश्मीना हस्तशिल्प व्यापार के विकास पर चर्चा की गई। सलाहकार ने प्रशासनिक विभागों को निर्देशित किया कि विभिन्न व्यापार तथा औद्योगिक संस्थाओं के अलावा शिल्पकारों द्वारा उठाये गये मुददों के निवारण के लिए प्रभावी कदम उठाये जाने चाहिए। उन्होंने अधिकतम सफलता दर के साथ शिकायत निवारण सुनिश्चित करने के लिए विश्वसनीय एवं उत्तरदायी तंत्र की आवश्यकता पर भी बल दिया। वित्त प्रमुख सचिव नवीन चौधरी, उद्योग एवं वाणिज्य प्रमुख सचिव शैलेन्द्र कुमार, पीडीडी प्रमुख सचिव हृदेश कुमार, व्यवसायिक कर आयुक्त एम. राजु तथा अन्य सम्बंधित वरिश्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।