श्राईन बोर्ड ने सभी कर्मचारियों के लिए समूह मेडिक्लेम बीमा पॉलिसी को मंजूरी दी
5 Dariya News
श्रीनगर 14-Oct-2018
श्राईन बोर्ड के अध्यक्ष राज्यपाल सत्यपाल मलिक की अध्यक्षता में राजभवन में आयोजित श्री माता वैश्णो देवी श्राईन बोर्ड की 63वीं बैठक में कर्मचारियों के कल्याण हेतु कई निर्णय लिये गये। इस संदर्भ में बोर्ड ने अपने कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए राज्य सरकार द्वारा अधीसूचित किये गये कर्मचारियों के लिए समूह मेडीक्लेम बीमा पॉलिसी लागू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत बोर्ड के सभी 2960 कर्मचारियों को एक वर्श की अवधि के लिए राज्य सरकार की समानता पर एक कर्मचारी के लिए 6 लाख रु. और 5 आश्रितों को 8777 रु. के प्रीमियम पर इस बीमा पॉलिसी के दायरे में लाया जाएगा। बैठक में डॉ. एस.एस. बिलोरिया, डॉ. अशोक भान, एच.एल. मैनी, न्यायधीश (सेवानिवृत) प्रमोद कोहली, मेजर जनरल (सेवानिवृत) शिव कुमार शर्मा तथा बी.बी.व्यास, सभी बोर्ड सदस्य तथा मुख्य सचिव बी.वी. आर. सुब्रहमण्यम, राज्यपाल के प्रमुख सचिव उमंग नरूला, श्राईन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीरज गुप्ता तथा गणमान्य उपस्थित थे।