हिमाचल में मोदी की रैली 16 फरवरी को
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
शिमला 04-Feb-2014
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा है कि सुजानपुर में होने वाली ‘परिवर्तन रैली’ में प्रदेशभर से भारी संख्या में लोग भाग लेंगे। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए लोगों में जो उत्साह है, उससे रैली निश्चित रूप से अभूतपूर्व होगी। ऐसे में भारी भीड़ जुटने की संभावना से कांग्रेस डर चुकी हैं। रैली में लोग न आ सके, इसके लिए वे अभी से षड्यंत्र रच रहे हैं। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि कांग्रेस सरकार को टकराव की स्थिति से बचना चाहिए। भाजपा ने प्रदेश सरकार से कहा है कि वह 16 फरवरी को रखी गई ग्राम सभा की विशेष बैठक को 23 फरवरी या फिर किसी अन्य रविवार को रखे। बावजूद इसके प्रदेश सरकार टकराव का रास्ता अख्तियार करती है तो भाजपा से संबंधित पंचायतीराज सदस्य ग्राम सभा की बैठक का बहिष्कार करेंगे।