5 Dariya News

कश्मीर के संविधान पर डोभाल का बयान अनुचित : पीडीपी

5 Dariya News

श्रीनगर 05-Sep-2018

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने बुधवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के उस बयान पर आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने जम्मू एवं कश्मीर के लिए पृथक संविधान को एक असामान्य स्थिति बताया है। पीडीपी के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता रफी मीर ने कहा, “ऐसे समय में जब कश्मीर नाजुक और राजनीतिक अस्थिरता के दौर से गुजर रहा है, डोभाल के ऐसे अनुचित बयान कश्मीर की जनता के प्रति उनकी असंवेदनशीलता दिखाते हैं।” डोभाल ने मंगलवार को कहा था कि जम्मू एवं कश्मीर का पृथक संविधान शायद सामान्य से हटके है, क्योंकि देश की संप्रभुता से समझौता नहीं किया जा सकता। एनएसए दिल्ली में एक किताब के विमोचन के मौके पर बोल रहे थे। मीर ने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक तरफ एक मुस्लिम बहुल राज्य द्विराष्ट्र के सिद्धांत को नकार कर एक हिंदू बहुल देश पर विश्वास कर उसके साथ जाने का फैसला करता है और दूसरी तरफ यहां राज्य के विशेष दर्जे पर हमला कर हमारा उत्पीड़न किया जा रहा है।” उन्होंने कहा, “मैं एनएसए को बताना चाहूंगा कि राज्य के विलय का दस्तावेज एक वैध कानूनी दस्तावेज है और किसी को इसके अनुच्छेद आठ को नहीं भूलना चाहिए, जिसके पहले वाक्य में कहा गया है कि यह समझौता किसी भी प्रकार से राज्य में और राज्य के बाहर संप्रभुता को प्रभावित नहीं करता।”