मुख्यमंत्री द्वारा उपदानयुक्त एलपीजी कोटा बढ़ाने के निर्णय का स्वागत
5 दरिया न्यूज
शिमला 31-Jan-2014
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उपदानयुक्त एलपीजी सिलेण्डर के एक साल के कोटे को 9 से बढ़ाकर 12 करने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले को केन्द्रीय पैट्रालियम मंत्री के समक्ष उठाकर उपदानयुक्त एलपीजी सिलेंडर की सीमा को विशेषकर हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों जहां एलपीजी बहुमूल्य वन सम्पदा की सुरक्षा में सहायक है, बढ़ाकर 12 करने का आग्रह किया था। श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार के इस निर्णय से न केवल हिमाचल प्रदेश के अधिकांश लोग लाभान्वित होंगे, बल्कि समूचे देशवासियों को इससे फायदा होगा, क्योंकि उपदानयुक्त गैस सिलेंडर से उनकी घरेलू आवश्यकताएं पूरी होंगी। उन्होंने कहा कि अब उपभोक्ताओं को अप्रैल, 2014 से उपदान दरों पर प्रतिमाह एक सिलेण्डर उपलब्ध होगा तथा परिवार को मार्च माह में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष में दो अतिरिक्त उपदानयुक्त सिलेण्डर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने आधारयुक्त उपदान स्थानान्तरण योजना को निलम्बित करने के निर्णय का भी स्वागत किया है, क्योंकि इस योजना से आम आदमी को असुविधा हो रही थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले को भारत सरकार तथा केन्द्रीय नेतृत्व के समक्ष समय-समय पर उठाया था।