5 Dariya News

खुर्शीद उत्तर अफ्रीका का दौरा करेंगे

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली (आईएएनएस) 28-Jan-2014

विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद इस हफ्ते उत्तर अफ्रीका के तीन बड़े देशों -मोरक्को, ट्यूनीशिया और सूडान- की यात्रा पर जा रहे हैं। इस यात्रा के दौरान खुर्शीद, फास्फेट और ऊर्जा के बड़े स्रोत, इन देशों के साथ संबंधों को और मजबूत करने की कोशिश करेंगे। खुर्शीद मोरक्को में 30 फरवरी से एक जनवरी तक रहेंगे। वह ट्यूनीशिया में भी तीन दिन बिताएंगे और सूडान में दो दिन रहेंगे। वास्तव में ट्यूनीशिया की यात्रा करने वाले खुर्शीद पहले विदेश मंत्री होंगे। यह मगरेब क्षेत्र यानी उत्तर अफ्रीकी देशों के साथ भारत के अपर्याप्त संपर्क की ओर संकेत करता है। मोरक्को में अंतिम बार विदेश राज्य मंत्री ई.अहमद 2012 में गए थे। मोरक्को से भारत के ऐतिहासिक संबंध 14वीं सदी पुराने हैं, जब इब्नबतूता ने भारत की यात्रा की थी। मोरक्को में खुर्शीद विदेश और सहयोग मंत्री सलेहीद्दीन मेजावर और अन्य वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे। उनकी मुलाकात शायद मोरक्को के राजा मोहम्मद पंचम से भी होगी। भारत के लिए मोरक्को फास्फोरिक एसिड और रॉक फास्फेट का स्रोत है। इनका उपयोग उर्वरक उद्योग में होता है, जो भारत के कृषि क्षेत्र के लिए उपयोगी है। वर्ष 2012 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 1.62 अरब डॉलर का था।