5 Dariya News

राहुल को 1984 दंगे के बारे में गलत जानकारी है : भाजपा

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली (आईएएनएस) 28-Jan-2014

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि उन्हें 1984 के सिख दंगे के बारे में गलत जानकारी दी गई है। राहुल ने सोमवार रात एक टेलीविजन चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा था कि 1984 और 2002 के दंगे में फर्क है। उन्होंने कहा कि 1984 के दंगे में सरकार ने इसे रोकने की कोशिश की, जबकि 2002 में सरकार ने गुजरात में दंगे भड़काए थे। भाजपा नेता अरुण जेटली ने कहा, "राहुल को गलत जानकारी है। 1984 में पुलिस ने दंगाइयों पर मुश्किल से ही गोलियां चलाई थीं, सरकार से उसकी मिलीभगत थी। इसके विपरीत, गुजरात में 300 लोग पुलिस की गोलीबारी में मारे गए और लगभग 65,000 दंगाइयों गिरफ्तार किया गया था। 4,000 से अधिक मामलों में आरोप पत्र दायर किए गए हैं और 100 को दोषी पाया जा चुका है।"जेटली ने कहा, "मुख्यमंत्री को भी जांच के दौर से गुजरना पड़ा। मगर 1984 में क्या हुआ? 1984 के दंगे की वजह से किस कांग्रेस नेता को जेल जाना पड़ा? अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में पहली बार 'खून का बदला खून' का नारा सुना गया।"प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को सिख अंगरक्षक द्वारा गोली मारे जाने पर एम्स ले जाया गया था। जब उनसे राहुल की माफी मांगने से इनकार करने पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, "हम उनसे उतना आगे जाने की उम्मीद नहीं कर रहे। हम बस उनसे इतिहास की सही जानकारी रखने की उम्मीद कर रहे हैं।"इस बीच, पार्टी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल, नरेंद्र मोदी के साथ बहस से इसलिए बच रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि उनकी हार तय है। राहुल के सोमवार को समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार का हवाला देते हुए प्रसाद ने कहा, "राहुल ने यह माना है कि उनकी हार सुनिश्चित है।"प्रसाद ने टाइम्स नाउ चैनल से कहा, "उनके पास मोदी को क्लीन चिट दिए जाने पर लगातार पूछे गए सवालों का जवाब नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि वह मोदी के खिलाफ सीधी प्रतिस्पर्धा से क्यों बच रहे हैं, तो उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं था।"भाजपा नेता ने कहा, "राहुल के विपरीत आपके पास मोदी है जो गरीबी में पैदा हुए हैं, वह अपनी कड़ी मेहनत से आगे आए हैं।"