5 Dariya News

महिला आयोग के समक्ष पेश नहीं हुए सोमनाथ

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली(आईएएनएस) 24-Jan-2014

दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती शुक्रवार को दिल्ली राज्य महिला आयोग के समक्ष पेश नहीं हुए। महिला आयोग 'सेक्स एंड ड्रग रिंग' के खिलाफ भारती की विवादास्पद कार्रवाई से जुड़े मामले की जांच कर रहा है। आयोग ने कहा कि वह इस मामले की रिपोर्ट उप राज्यपाल को सौंपेगा। मध्यरात्रि को भारती द्वारा मारे गए छापे के बाद विवादों से घिरे कानून मंत्री दिल्ली महिला आयोग के समक्ष स्वयं तो पेश नहीं हुए, लेकिन अपना प्रतिनिधित्व करने के लिए उन्होंने अपने वकीलों को भेजा था। मीडिया के लोग भी वहां पर उपस्थित थे और महिला आयोग और भारती के वकीलों के बीच हुई बहस को सभी ने टेलीविजन पर सीधा देखा। आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह ने मीडिया से कहा, "हम भारती से बात करना चाहते हैं और यदि वह हमारे समक्ष पेश नहीं होते तो उनको हमें इस बारे में सूचित करना चाहिए। इस मामले के बारे में हम उप राज्यपाल को सूचित करेंगे।"

दोनों वकीलों ने कहा कि मंत्री आयोग के सामने सोमवार को पेश होंगे और तर्क दिया कि भारती ने अपना पक्ष रखने के लिए उनको पॉवर ऑफ अटार्नी दी है। लेकिन आयोग ने उनकी बात सुनने से इंकार कर दिया। भारती इससे पहले भी महिला आयोग की दो नोटिसों को जवाब देने में विफल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि कानून मंत्री ने आम आदमी पार्टी के स्वयंसेवकों के साथ 16 जनवरी की रात दक्षिण दिल्ली में कुछ दक्षिण अफ्रीकी नागरिकों के आवासों पर छापा मारा था। उन्होंने आरोप लगाया कि वहा सेक्स और ड्रग रैकेट चल रहा है। भारती ने कहा कि उन्होंने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ कार्रवाई की।