5 Dariya News

भारती को पद छोड़ देना चाहिए : बिन्नी

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली (आईएएनएस) 24-Jan-2014

आम आदमी पार्टी (आप) के बागी विधायक विनोद कुमार बिन्नी ने शुक्रवार को दिल्ली के पुलिस आयुक्त बी.एस.बस्सी से मुलाकात की और राष्ट्रीय राजधानी में एक छापे के दौरान युगांडा की महिलाओं के खिलाफ कानून मंत्री सोमनाथ भारती के हिंसक कार्यो के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बस्सी से मुलाकात के बाद बिन्नी ने कहा, "हमारे कानून मंत्री के काम से दिल्ली और देश को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चाहिए कि भारती को पद से तत्का हटा दें। उन्हें हर हरल में पद छोड़ देना चाहिए।"उन्होंने कहा कि पुलिस आयुक्त ने उनको बताया कि सभी आवश्यक कदम समयसीमा के भीतर उठाए जाएंगे और भारती के साथ कोई विशेष व्यवहार नहीं किया जाएगा। बिन्नी ने 36 घंटे का धरना आयोजित करने के कारण केजरीवाल और उनके मंत्रियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। इस धरने के कारण आप कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच कई हिंसक झड़पें हुईं और आम जनजीवन बाधित हुआ। धरने को लेकर चार प्राथमिकी दर्ज की गईं है, लेकिन किसी भी शिकायत में सीधे केजरीवाल का नाम नहीं लिया गया है।