5 Dariya News

आंध्र को देश की इन्नोवेशन वैली बनाने का एन. चंद्रबाबू नायडू का संकल्प

5 Dariya News

नई दिल्ली 21-Jul-2018

आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य को देश की इन्नोवेशन वैली बनाने के लिए कदम उठा रही है। उन्होंने साथ ही कहा कि राजधानी अमरावती में नौ हैप्पी सिटीज बनाए जाएंगे, जहां के नागरिकों के जीवन और काम में एक समुचित संतुलन होगा। नायडू ने व्यापारियों के एक समूह से आंध्र को एक नए निवेश स्थल बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों से अवगत कराते हुए कहा, अमरावती का महत्वपूर्ण भाग अमरावती मीडिया सिटी(एएमसी) होगा, जो कि मीडिया, मनोरंजन, सोशल मीडिया और अन्य प्रौद्योगिकियों पर केंद्रित होगा। शहर इसके केंद्र के तौर पर काम करेगा। नायडू दिल्ली में सेंटर फॉर स्ट्रेटजी एंड लीडरशिप द्वारा अयोजित एक कार्यशाला आंध्र प्रदेश : इमर्जिग हब ऑफ इंडियन मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, हम आंध्रप्रदेश को देश में रहने और कार्य करने के लिए सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम इसे इन्नोवेशन वैली बनाएंगे। अमरावती नवाचार का केंद्र होगा, जिसमें नौ सिटी- मीडिया सिटी, गवर्मेट सिटी, जस्टिस सिटी, नॉलेज सिटी, टूरिज्म सिटी, इलेक्ट्रोनिक सिटी और स्पॉर्ट्स सिटी- शामिल होंगे।

नायडू ने कहा, कठिनाइयों ने बाधा उत्पन्न की, लेकिन यह आंध्रप्रदेश के निर्माण के हमारे एक मात्र लक्ष्य को डिगा नहीं पाया। मीडिया सिटी के लिए सरकार के विजन 2036 के अंतर्गत मीडिया केंद्र को एक विश्वस्तरीय प्रारूप में विकसित करना है, जहां कांस फिल्म महोत्सव और ग्रैमी पुरस्कार जैसे अंतर्राष्ट्रीय समारोह आयोजित करने की महत्वाकांक्षी योजनाओं को मूर्त रूप देने की कोशिश की जाएगी। नायडू ने कहा कि नौ प्रस्तावित सिटी का निर्माण सिर्फ प्रौद्योगिकी और सेवाओं के लिहाज से श्रेष्ठ नहीं होगा, बल्कि यहां रहने वाले नागरिकों के लिए बेहतरीन कार्य-जीवन संतुलन के साथ हैप्पी सिटीज होगा। नायडू ने कहा कि मीडिया सिटी फिल्म और टीवी, एनिमेशन, वीएफएक्स व गेमिंग, डिजिटल विज्ञापन, सोशल मीडिया और टेलकम जैसे चार तत्वों का केंद्र होगा।