5 Dariya News

‘जेल भरो आंदोलन’ में 13000 इनेलो-बसपा कार्यकर्ताओं सहित अम्बाला में गिरफ्तारी दी

5 Dariya News

अम्बाला 13-Jul-2018

एसवाईएल, मेवात कैनाल व दादूपुर-नलवी के निर्माण और प्रदेश के हिस्से के पानी के लिए हो रहे ‘जेल भरो आंदोलन’ में नेता विपक्ष अभय सिंह चौटाला और प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में 13000 इनेलो-बसपा कार्यकर्ताओं सहित अम्बाला में गिरफ्तारी दी। लेकिन सरकार की तरह से प्रशासनिक मजबूरियों का हवाला देते हुए उच्च अधिकारियों ने सभी को आंदोलन स्थल पर ही रिहा कर दिया। गिरफ्तारी से पूर्व आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए नेता विपक्ष कहा कि भाजपा सरकार इस आंदोलन की सफलता से बौखला गई है और उसमे इतनी हिम्मत नहीं है कि एक दिन भी प्रदेश के हितों की लड़ाई लड़ रहे लोगों की जेल में बंद रख सके।नेता विपक्ष ने यह भी कहा कि भाजपा से पहले देश पर लगातार दस साल तक कांग्रेस का शासन रहा। देश और प्रदेश की जनता इस बात से दुखी थे कि कांग्रेस एक तरफ तो भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही थी वहीं देश की बदनामी भी विश्वस्तर पर हो रही थी। जनता बदलाव चाहती थी लोग चाहते थे कि ऐसे तीसरे मोर्चे का गठन हो जिसको वोट देकर अपनी मनचाही सरकार बना सके। लेकिन दुर्भाग्य से तब तीसरा मोर्चा बन नहीं पाया और इसलिए लोगों ने नरेंद्र मोदी की बातों पर भरोसा कर भाजपा को सत्ता सौंपने का काम किया। लेकिन अब तीसरे मोर्चे का गठन हो चुका है और लोगों के पास आज अपनी सरकार चुनने का विकल्प मौजूद है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में केंद्र में तीसरे मोर्चे की और हरियाणा में इनेलो-बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। 

नेता विपक्ष ने भाजपा के चुनाव पूर्व के वादों को याद दिलाते हुए कहा कि मोदी ने जनता से वादा किया था कि विदेशों से कालाधन लाकर जनधन खातों में 15-15 लाख रुपए देंगे, हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे। उन्होंने राज्य सरकार ने चुनावी घोषणा पत्र में एसवाईएल नहर निर्माण के साथ-साथ 24 घंटे बिजली, स्वामीनाथन आयोग की पूरी रिपोर्ट लागू करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का और पक्के कर्मचारियों को पंजाब के समान वेतनमान देने का वादा को भी याद दिलाया। इनेलो नेता ने कहा कि चार साल बीत जाने के बाद भी भाजपा एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई। इसलिए जनता उनसे सवाल न पूछ ले तो उसके लिए कभी स्वच्छ भारत अभियान, कभी बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ, तो कभी जयंतियों और गाय व गीता के नाम पर लोगों का ध्यान बांटने का काम किया जा रहा है।इनेलो नेता ने कहा कि इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों व छोटे दुकानदारों का ऋण माफ व स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करेंगे। साथ ही हर परिवार में से एक युवा को सरकारी नौकरी व रोजगार और बेरोजगारी भत्ता 15000 रुपए प्रति माह दिया जाएगा। वहीं गरीब की बेटी की शादी में 5 लाख रुपए की कन्यादान राशि व बुजुर्गों को एकमुश्त 2500 रुपए पैंशन मिला करेगी। उन्होंने सरकार बनने पर प्रदेश में बिजली बिल आधे किए जाने का भी वादा किया।इस मौके पर बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने कहा कि भाजपा राज में दलितों, महिलाओं और बच्चियों के साथ रेप होते है और भाजपा नेताओं उनको न्याय दिलवाने की बजाय दलितों के घर खाना खाने का नाटक करते हैं। आज भाजपा सरकार उन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई न कर उनको संरक्षण देने का काम कर रही है।एसवाईएल, मेवात-कैनाल व दादूपुर-नलवी के निर्माण के लिए हो रहे इस जलयुद्ध संघर्ष में गिरफ्तारी देने वालों में मुख्यत: अभय सिंह चौटाला, बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती, इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, बसपा प्रदेश प्रभारी नरेश सारन, इनेलो राज्यसभा सांसद रामकुमार कश्यप, पूर्व सीपीएस रामपाल माजरा, पूर्व विधायक रामफल कुंडू, मामू राम गोंदर, राजबीर बराड़ा, अशोक शेरवाल, इनेलो नेत्री कुसुम शेरवाल, इनेलो प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण आत्रेय, मक्खन सिंह लबाणा, बसपा जिला प्रभारी गुरमुख सिंह, बसपा जिला प्रधान शीशपाल जंधेड़ी सहित हजारों गठबंधन कार्यकर्ता थे।