5 Dariya News

केंद्र ने सर्वोच्च न्यायालय का आदेश मानने से इंकार कर दिया : अरविंद केजरीवाल

5 Dariya News

नई दिल्ली 06-Jul-2018

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने दिल्ली के प्रशासनिक नियंत्रण व शासन पर सर्वोच्च न्यायलय के फैसले को मानने से इंकार कर दिया है। केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, देश के इतिहास में यह पहली बार है कि केंद्र सरकार खुले तौर पर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को मानने से इंकार कर रही है। अगर यह उदाहरण बन जाता है तो इससे अराजकता फैलेगी। केजरीवाल ने कहा कि वह और उनके उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात की और दिल्ली के विकास व सुशासन में सहयोग देने का आग्रह किया। लेकिन, बैजल ने कहा कि उन्हें गृह मंत्रालय से कोई अधिसूचना नहीं मिली है। केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने उपराज्यपाल को सर्वोच्च न्यायालय के चार जुलाई के फैसले की याद दिलाई।