5 Dariya News

भारत ने सेशेल्स को 1 और डोर्नियर विमान भेंट किया

5 Dariya News

नई दिल्ली 26-Jun-2018

भारत ने मंगलवार को सेशेल्स को समुद्री निगरानी बढ़ाने के लिए और हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा बनाए रखने में मदद के लिए दूसरा डोर्नियर विमान उपहार में दिया है।विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भारत दौरे पर आए सेशेल्स के राष्ट्रपति डैनी फौरे को विमान सौंपने के दौरान कहा, यह विमान समुद्री निगरानी बढ़ाएगा और सेशेल्स के विशाल विशेष आर्थिक क्षेत्र को समुद्री खतरों से मुक्त रखने में योगदान करेगा।मार्च 2015 में सेशेल्स की अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समुद्री खतरों से निपटने में हिंद महासागर के द्वीपीय देश की निगरानी क्षमता को बढ़ाने के लिए दूसरे डोर्नियर विमान को उपहार में देने की घोषणा की थी।विदेश मंत्री ने कहा कि समुद्री पड़ोसियों के रूप में, भारत और सेशेल्स निरंतर विकास के लिए चारों ओर समुद्री क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।सुषमा ने कहा, हमारे समुद्रों को सुरक्षित करने से अंतत: हमारे दोनों देशों और लोगों की प्रगति और समृद्धि के लिए शांतिपूर्ण वातावरण पैदा होगा।उन्होंने कहा कि यह हमारे प्रधानमंत्री द्वारा व्यक्त किए गए हमारे सागर दृष्टिकोण का हिस्सा है।भारत और सेशेल्स को मजबूत सुरक्षा भागीदारों के रूप में वर्णित करते हुए सुषमा स्वराज ने कहा कि उस देश के व्यापक ईईजेड की गश्ती के लिए भारतीय नौसेना के जहाजों को नियमित रूप से तैनात किया गया था।सुषमा ने कहा कि भारत क्षमता निर्माण के माध्यम से विशेष रूप से समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सेशेल्स का सहयोग करने को प्रतिबद्ध है।यह विमान ऐसे समय में उपहार में दिया गया है, जब राष्ट्रपति फौरे अपने देश की संसद में साल 2015 में मोदी की यात्रा के दौरान हुए समझौते को मंजूरी दिलाने में असफल रहे। मोदी की यात्रा के दौरान संयुक्त रूप से एक नौसेना अड्डा विकसित करने का करार हुआ था।सेशेल्स में विपक्ष संप्रभुता संबंधी चिंताओं के कारण समझौते के खिलाफ है।मोदी और फौरे के बीच सोमवार को द्विपक्षीय बैठक के दौरान भारत ने रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए सेशेल्स को 10 करोड़ डॉलर का कर्ज देने का वादा किया था।फौरे की राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के निमंत्रण पर भारत की यह पहली यात्रा है। उन्होंने दिल्ली का दौरा करने से पहले अहमदाबाद और गोवा का दौरा किया और वह उत्तराखंड भी जाएंगे।