खिलाड़ी और बच्चों ने किया नशा खात्म करने का आह्वान
अंतरराष्ट्रीय नशा बुराई और गैरकानूनी कारोबार विरोधी दिवस पर जागरूकता रैली में सैंकड़ों ने लिया हिस्सा
5 Dariya News
लुधियाना 26-Jun-2018
आज अंतरराष्ट्रीय नशा बुराई और गैरकानूनी कारोबार विरोधी दिवस मौके जहाँ जिला लुधियाना में विभिन्न जगहों पर जागरूकता समागम करवाए गए, वहीं जिला प्रशासन की तरफ से ’मिशन तंदरुस्त पंजाब’ के अंतर्गत खेल विभाग, पंजाब और स्पोर्टस अथार्टी आफ इंडिया के सहयोग से गुरू नानक स्टेडियम के बाहर से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिस में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और बच्चों ने भाग लिया।इस रैली को लुधियाना (पश्चिमी) के एस. डी. एम. श्री दमनजीत सिंह मान ने झंडी दिखा कर रवाना किया और रैली का नेतृत्व भी किया। यह रैली फव्वारा चैक, माल रोड, भारत नगर चैक, दुर्गा माता मंदिर होती हुई फिर गुरू नानक स्टेडियम में सम्पन्न हुई। रैली दौरान बच्चों और खिलाड़ियों ने अपने हाथों में नशा विरोधी वाक्यों वाले बैनर उठा रखे थे। रैली में भाग लेने वालों की तरफ से राहगीरों को नशा त्यागने और सेहतमंद समाज का निर्माण करने का संदेश दिया जा रहा था।रैली उपरांत उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि हर तरह का नशा ( जिससे मानवीय शरीर को नुक्सान होता है) करना और इसकी तस्करी एक सभ्य समाज पर कलंक है।नशा जहाँ नौजवानी को घुन की तरह खा रहा है, वहीं इससे हमारे देश का भविष्य भी धुंधला हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि नौजवान पीढ़ी ही इसकी ग्रिफ्त में आ कर अपना जीवन नष्ट कर लेगी तो देश को चलाने के लिए कौन आगे आएगा!उन्होंने नौजवानों से आह्वान किया कि वे नशे का पीछा छोड़ कर खेल को अपने जीवन का अंग बनाएं। इस अवसर पर उन्होंने पंजाब सरकार की तरफ से शुरू किए गए ’डैपो अभियान’ और ’मिशन तंदरुस्त पंजाब’ बारे भी जानकारी दी और नौजवानों से कहा कि वह इस मुहिम के साथ जुड़ कर प्रदेश में नशे को जड़ से खत्म करने में सहयोग करें। यदि कोई व्यक्ति नशा करता है तो उसका इलाज करवा कर उसे फिर मुख्यधारा में लाया जा सकता है और यदि कोई व्यक्ति नशे के कारोबार में लगा तो उसे पकड़ कर कानून मुताबिक सजा दिलाई जा सकती है। इस मौके उनके साथ जिला लोक संपर्क अधिकारी श्री प्रभदीप सिंह नत्थोवाल, स्पोर्टस अथार्टी आफ इंडिया के स्थानीय अधिकारी श्री हरबंस सिंह और खेल विभाग के कई प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बच्चे उपस्थित रहे।