केन्द्र सरकार की 4 सालों की उपलब्धियां बेमिसाल : किशन कपूर
5 Dariya News
धर्मशाला 24-Jun-2018
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 4 वर्षों में केंद्र सरकार के जनहितैषी निर्णयों से आम नागरिकों के जीवन में खुशहाली आई है। उन्होंने केन्द्र सरकार के 4 वर्षों के कार्यकाल को बेमिसाल करार देते हुए कहा कि सरकार ने हर मोर्चे पर अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं, साथ-साथ अनेक सफलताएं भी पाई हैं। वे रविवार को धर्मशाला में केन्द्र सरकार की उपलब्धियां से जन -जन को अवगत कराने के लिये युवाओं द्वारा निकाली बाइक रैली को हरी झंडी दिखाने के उपरान्त बोल रहेे थे। रैली में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं सहित शहर के अन्य 150 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। बाइक रैली धर्मशाला के कोतवाली बाजार के सामुदायिक भवन के प्रांगण से आरम्भ हुई और दाड़ी, सिद्धबाड़ी से होते हुए योल तक निकाली गयी। किशन कपूर ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ को क्रान्तिकारी पहल बताते हुए कहा कि ये योजना गृहिणियों के जीवन को आसान एवं धुआंमुक्त बनाने में सार्थक सिद्ध हुई है कपूर ने कहा कि केन्द्र सरकार के प्रयासों में सहयोग के रूप में प्रदेश सरकार ने भी महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना आरंभ की है। इस योजना से प्रदेश के 1 लाख परिवार लाभान्वित होंगे। इन परिवारों की गृहिणियों को रसोई गैस सिलेंडरों की जमा राशि और गैस चूल्हे के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी।इसके लिए सरकार हर गैस कनेक्शन पर 3500 रुपए का खर्च वहन करेगी। उन्होंने केन्द्र की अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर भाजपा के मंडलाध्यक्ष कैप्टन रमेश अटवाल, पार्षद सेवानिवृत अधिशाषी अभियंता राजेन्द्र कुमार, वीरू बालिया, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष राकेश कुमार, भाजयुमो प्रदेश कोषध्यक्ष विपिन नैहरिया सहित सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।