5 Dariya News

एसवाईएल के मुद्दे पर हर सरकार ने राजनीति की : अभय सिंह चौटाला

5 Dariya News

रेवाड़ी 19-Jun-2018

एसवाईएल के मुद्दे पर हर सरकार ने राजनीति की है चाहे वह सरकार कांग्रेस की हो या फिर भाजपा व अकालियों की। इसी बात से आहत होकर चौधरी देवीलाल ने इस नहर के निर्माण के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। आज जब उनके संघर्ष का परिणाम हरियाणा की जनता के हित में आया है तो भाजपा सरकार फिर उसे अटकाने का काम कर रही है। यह बात नेता विपक्ष अभय सिंह चौटाला ने जेल भरों आंदोलन के तहत रेवाड़ी में कही। उन्होंने यह भी कहा कि लोकदल अपने गठन के पहले दिन से ही प्रदेश की जनता के हकों की लड़ाई लड़ रहा है। जननायक देवीलाल के प्रयासों से ही भाषा के आधार पर हरियाणा को अलग प्रदेश का दर्जा मिला था। उन्होंने ही किसान का दर्द समझते हुए सबसे पहले उसका कर्ज माफ करने का काम किया था। नेता विपक्ष ने लोगों को आश्वस्त किया कि इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनने पर फिर से किसानों व छोटे दुकानदारों का ऋण माफ किया जाएगा।इनेलो-बसपा एक मई से एसवाईएल, दादुपूर-नलवी व मेवात कैनाल के निर्माण व प्रदेश के हिस्से के पानी के लिए आंदोलनरत है और जिलेवार गिरफ्तारियां दे रही हैं। आज रेवाड़ी में जेल भरो आंदोलन में गिरफ्तारी देने से पहले अभय सिंह चौटाला ने राव इंद्रजीत सिंह पर निशान साधते हुए आरोप लगाया कि वह केवल अपना राजनैतिक मकसद सिद्ध करने के लिए जनता का इस्तेमाल करते हैं। जब भी मुख्यमंत्री ने अहीरवाल क्षेत्र का दौरा किया तो उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ मंच तो सांझा किया लेकिन कभी भी एसवाईएल निर्माण की बात नहीं रखी। हालांकि उनको पता है कि दक्षिणी हरियाणा के लिए इस नहर का निर्माण अति आवश्यक है।

नेता विपक्ष अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह जेल भरो आंदोलन में भाग लेने के मुद्दे पर जनता को डरा-धमका रही है। उन्होंने साथ में यह भी कहा कि अगर सरकार में हिम्मत है तो केवल एक दिन के लिए ही इनेलो-बसपा कार्यकताओं को जेल में बंद करके दिखाए। उन्होंनेे केंद्र और राज्य सरकार पर एसवाईएल के निर्माण को लेकर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लागू करने की बजाए जनता को पानी न मिल इसके लिए नई-नई योजनाएं बना रही है। लेकिन इनेलो-बसपा गठबंधन हर आंदोलन में हजारों की तादाद में गिरफ्तारियां देकर सरकार को घुटने टेकने पर मजबूर कर देगा। उन्होंने सरकार को चेताते हुए यह भी कहा कि सरकार की नाकामियों के विरुद्ध लोगों की बढ़ती हाजरी भी इस बात का सबूत है कि वो किसी संघर्ष सेे नहीं डरते और सरकार को इस आंदोलन के आगे घुटने टेक कर नहर का निर्माण करवाना ही पड़ेगा।इनेलो नेता ने कहा कि अगर प्रदेश में इनेलो-बसपा गठंबधन की सरकार बनती है तो किसानों को फसल सही मूल्य मिले उसके लिए स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करेंगे। साथ ही हर परिवार में से एक युवा को सरकारी नौकरी, गरीब की बेटी की शादी में 5 लाख रुपए की कन्यादान राशि दी जाएगी। वहीं बुजुर्गों को एकमुश्त 2500 रुपए पैंशन घर बैठे ही मिला करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन की सरकार बनने पर प्रदेश में बिजली बिल आधे किए जाएंगे।इससे पूर्व बसपा के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने कहा भाजप और कांग्रेस को देश व प्रदेश की जनता नकार चुकी है। पिछले आम चुनावों में तीसरे मोर्चे का गठन न होने की वजह से भाजपा को चुनना देश की जनता की मजबूरी था लेकिन अब तीसरे मोर्चे का गठन हो चुका है और आगामी आम चुनाव में बहन मायावती के नेतृत्व में तीसरे मोर्चे की ही देश में सरकार बनेगी और प्रदेश में इनेलो-बसपा गठबंधन की।एसवाईएल, मेवात कैनाल व दादूपुर नलवी के निर्माण के लिए हो रहे इस जलयुद्ध संघर्ष में गिरफ्तारी देने वालों में मुख्यत: अभय सिंह चौटाला, बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती, इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, पूर्व सीपीएस रामपाल माजरा, पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह, इनेलो प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण आत्रेय, राजपाल यादव, सतबीर सिंह, गंगा राम और रजवंत डहीनवाल सहित एक हजार से ज्यादा गठबंधन नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां दी।