पिछले 3 वर्षों में आम आदमी के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया : डॉ निर्मल सिंह
5 Dariya News
श्रीनगर 25-May-2018
जम्मू व कश्मीर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. निर्मल सिंह ने आज कहा कि गत 3 वर्शों के दौरान गठबंधन सरकार द्वारा की गई उपलब्धियों से आम आदमी के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव आये हैं तथा ये राज्य के सम्पूर्ण विकास परिदृष्य में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण हैं। अध्यक्ष ने यह बात कठुआ जिले में बिलावर निर्वाचन क्षेत्र के बौरा गांव में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा विभिन्न कदम उठाये गये हैं जिससे आम आदमी के दरबाजे तक टिकाऊ एवं सम्पूर्ण विकास लाने में सहायता हुई है तथा राज्य में विकास गतिविधियों का एक नया युग शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि कार्यकारी एजैंसियों को आवश्यक राशि उपलब्ध करवाई जा रही है ताकि उन्हें कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने में कोई असुविधा न हो। जनसभा के दौरान कुमरी, कठेरा, बबेरा, फफल, भेड़, बलोड़, सुफेन, युथाना तथा बौरा गावों के लोगों ने डॉ. सिंह के समक्ष कई मुददे उठाये। अध्यक्ष ने उनकी समस्याओं को सुनते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि क्षेत्र के सम्पर्क को चरणबद्ध तरीके से मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने बौरा में विभिन्न विकास कार्यों के लिए अपने सीडीएफ से 15 लाख रु. की राशि भी मंजूर की। इसके अतिरिक्त उन्होंने जिला प्रशासन को बौरा तथा अन्य क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन करने के निर्देश दिये ताकि लोगों को विभिन्न केन्द्रीय तथा राज्य प्रायोजित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया जा सके।