5 Dariya News

जलयुद्ध संघर्ष में इनेला-बसपा के 5100 कार्यकर्ताओं ने पलवल में गिरफ्तारियां दी

5 Dariya News

पलवल 25-May-2018

एसवाईएल, मेवात कैनाल व दादूपुर नलवी के निर्माण के लिए हो रहे इस जलयुद्ध संघर्ष में आज इनेला-बसपा के 5100 कार्यकर्ताओं ने पलवल में गिरफ्तारियां दी। जलयुद्ध के लिए चल रहे जेल भरो आंदोलन का नेतृत्व नेता विपक्ष अभय सिंह चौटाला, बसपा प्रदेश प्रभारी राजबीर सिंह और हिसार से सांसद दुष्यंत चौटाला ने किया। उनके नेतृत्व में सचिवालय का घेराव कर इनेलो-बसपा नेता व कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां दी।गिरफ्तारी देने वालों में अभय सिंह चौटाला, राजबीर सिंह, पूर्व स्पीकर गोपीचंद गहलोत, सांसद दुष्यंत चौटाला, विधायक जाकिर हुसैन, विधायक परमेंद्र सिंह ढुल, विधायक केहर सिंह रावत, बसपा उपाध्यक्ष नरेंद्र प्रजापति, बसपा महासचिव कृष्ण जलालपुर, पूर्व विधायक कली राम पटवारी, रामफल कुंडू, सुभाष चौधरी, जगदीश नैयर, जिलाध्यक्ष अजीत बॉबी, बसपा जिलाध्यक्ष कमल देव गौतम सहित अनेक गठबंधन नेता शामिल थे।गिरफ्तारी से पूर्व नेता विपक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2014 के चुनावी घोषणा-पत्र में भाजपा ने वादा किया था वो एसवाईएल नहर का निर्माण करवाएगें लेकिन चार साल केंद्र के और साढ़े तीन साल के प्रदेश सरकार के बीत जाने के बाद भी भाजपा ने कोई चुनावी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि तब तीसरे मोर्चे का गठन न होने की वजह से भाजपा को चुनना देश की जनता की मजबूरी बन गया था लेकिन अब तीसरे मोर्चे का गठन हो चुका है और आगामी आम चुनाव में बहन मायावती के नेतृत्व में तीसरे मोर्चे की ही देश में सरकार बनेगी।

नेता विपक्ष ने  यह भी कहा कि प्रदेश के बटवारे के वक्त हुए समझौते के अनुसार हरियाणा को जो पानी मिलना चाहिए था वो आज तक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में पिछली सरकार कांग्रेस की थी जिन्होंने प्रदेश के हिस्से के पानी और एसवाईएल नहर की निर्माण के नाम पर केवल राजनीति की और भाजपा भी आज कांग्रेस के ही नक्शे कदम पर चल रही है। उन्होंने भाजपा पर एसवाईएल निर्माण को लेकर गंभीर न होने का भी आरोप लगाया। नेता विपक्ष ने केंद्र सरकार पर निशान साधते हुए कहा कि विदेशों में जमा काला धन लाकर हर देशवासी के खाते में 15-15 लाख रुपए डालने की बात करने वाले मोदी जी ने नोटबंदी कर माता-बहनों की बचत पर हमला कर उनकी छोटी-मोटी राशि को भी छीनने का काम किया है साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार पर भी वादाखिलाफी का आरोप लागाते हुए कहा कि भाजपा ने हर वर्ग को ठगा है युवाओं को दो लाख रोजगार हर साल देने की बात की थी लेकिन प्रदेश में युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं।इससे पूर्व बसपा के हरियाणा प्रदेश के प्रभारी राजबीर सिंह ने कहा कि बसपा इनेलो के साथ मजबूती से खड़ी है और हर संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर साथ देगी। उन्होंने  कहा कि बसपा चाहती है कि हरियाणा प्रदेश में किसान का बेटा मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाले और केंद्र में बहन मायावती जी प्रधानमंत्री की।