5 Dariya News

राष्ट्रपति के सम्मान में राज्य सरकार ने किया नागरिक अभिनन्दन का आयोजन

5 Dariya News

शिमला 22-May-2018

राज्य सरकार ने आज यहां राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के सम्मान में नागरिक अभिनन्दन का आयोजन किया। राष्ट्रपति के साथ उनकी धर्मपत्नी एवं देश की प्रथम महिला श्रीमती सविता कोविंद भी मौजूद रही। उन्होंने उत्साहपूर्ण एवं गर्मजोशी से किए गए स्वागत के लिए राज्य सरकार तथा प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रपति को राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने स्मृति चिन्ह, हिमाचली टोपी व शॉल से सम्मानित किया। राष्ट्रपति को इस अवसर पर नगर निगम शिमला की महापौर श्रीमती कुसुम सदरेट ने ‘मान पत्र’ भेंट किया। राष्ट्रपति ने ‘एक ईंट शहीदों के नाम’ कार्यक्रम के अंतर्गत शहीदी स्मारक के निर्माण के लिए बिलासपुर के संजीव राणा को एक ईंट भेंट की। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि सादगीपूर्ण पृष्ठभूमि से संबंध रखने वाले राष्ट्रपति आम जनमानस की भावनाओं और आवश्यकताओं को समझते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश के सर्वाधिक शांतिपूर्ण राज्यों में से है और तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय राज्य के मेहनतकश तथा ईमानदार लोगों को जाता है। आचार्य देवव्रत ने कहा कि हमें अपनी समृद्ध संस्कृति व परम्पराओं पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ स्वार्थपूर्ण हितों तथा अनेक हस्तक्षेपों के कारण समृद्ध सांस्कृतिक विविधता तथा संस्कृति खतरे में है। उन्होंने कहा कि हमारी भारतीय परम्पराएं शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज हमारा समाज धर्म और जाति के नाम पर विभाजित है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य करने का आग्रह किया ताकि भारत फिर से ‘विश्व गुरू’ बन सके। 

उन्होंने कहा कि युवाआं में नशे जैसी बुराई, भ्रूण हत्या तथा प्रभावी जल प्रबन्धन की कमी चिन्ता के विषय हैं। उन्होंने किसानों की आय में वृद्धि करने तथा मिट्टी की उर्वरकता को बनाए रखने के लिए शून्य लागत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर बल दिया। राष्ट्रपति के सम्मान में मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित नागरिक अभिनन्दन के दौरान राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद तथा उनकी धर्मपत्नी एवं देश की प्रथम महिला श्रीमती सविता कोविंद का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री मंत्री श्री जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को ‘देवभूमि’ के साथ-साथ वीरभूमि के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि राज्य के हजारों युवा समर्पण तथा प्रतिबद्धता के साथ सैन्य बलों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री राम नाथ कोविंद का जीवन प्रेरणा का स्रोत है। हालांकि वह एक सादे परिवार में जन्में हैं और कठिन परिश्रम, समर्पण तथा ईमानदारी के कारण सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति ने राज्य के लोगों को राष्ट्रपति के प्रति अपना स्नेह व सम्मान दर्शाने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी यह प्रथा रही है कि राष्ट्रपति गर्मियों के दौरान कुछ दिनों के लिए राज्य के प्रवास पर रहते हैं, लेकिन राष्ट्रपति का यह दौरा आरामदायी कम, बल्कि अत्याधिक परिश्रम वाला है। 

श्री जय राम ठाकुर ने कहा कि छोटा राज्य होने के नाते हिमाचल प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊंचाईयों को छुआ है और तेजी के साथ उन्नति और खुशहाली के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, हालांकि राज्य सरकार ने केवल चार महीने पहले ही कार्यभार संभाला है, लेकिन सरकार ने राज्य के विकास के लिए कुछ महत्वाकांक्षी योजनाओं और परियोजनाओं की शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘सबका साथ-सबका विकास’ उद्देश्य के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने आशा जताई कि राज्य में राष्ट्रपति का दौरा उनके लिए तथा उनके परिवार के लिए अविस्मरणीय रहेगा।शिक्षा मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्री सुरेश भारद्वाज ने इस अवसर पर राष्ट्रपति तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सविता कोविंद का स्वागत किया। उन्होंने वर्तमान में राज्य की राजधानी तथा ब्रिटिश शासनकाल में ग्रीष्मकालीन राजधानी शिमला के इतिहास पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। इस अवसर पर राज्य के सभी ज़िलों की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल, पूर्व मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह, मंत्रिगण, विधानसभा के उपाध्यक्ष, विधायकगण, पूर्व मंत्री तथा विधायक, मुख्य सचिव विनीत चौधरी, पुलिस महानिदेशक एस.आर.मरड़ी, वरिष्ठ नागरिक, सैन्य तथा पुलिस अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।