5 Dariya News

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सम्मान में राजभवन में रात्रि-भोज

5 Dariya News

शिमला 20-May-2018

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने आज राजभवन में भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सम्मान में रात्रि-भोज का आयोजन किया। राष्ट्रपति अपनी धर्मपत्नी प्रथम महिला सविता कोविंद तथा पुत्री स्वाति सहित राजभवन पहुंचे। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर तथा उनकी धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थी। राष्ट्रपति छः दिवसीय दौरे पर प्रदेश आए हैं। इस अवसर पर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। जिला कांगड़ा से सरस्वती स्वर संगम के कलाकारों ने झमाकड़ा तथा जिला सिरमौर के चूड़ेश्वर कलामंच के कलाकारों ने नाटी एवं दीपक नृत्य प्रस्तुत किया। लेडी गवर्नर श्रीमती दर्शना देवी, हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल, मंत्रिमण्डल के सदस्य, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय करोल, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति, नगर निगम शिमला की महापौर श्रीमती कुसुम सदरेट, राज्य सरकार एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, वरिष्ठ सेना अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।