5 Dariya News

बिहार : रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने से मां और 2 बच्चों की मौत

5 Dariya News

मधेपुरा (बिहार) 21-May-2018

बिहार के मधेपुरा जिले के नगर थाना क्षेत्र में रविवार की रात खाना बनाने के दौरान रसोई गैस सिलेंडर में आग लग जाने की घटना में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की झुलस कर मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मधेपुरा के आदर्शनगर मुहल्ले में रूबी देवी अपने घर की रसोई में खाना बना रही थी जबकि उनके दोनों बेटे एक अलग कमरे में सोए हुए थे। इसी दौरान दुर्घटनावश गैस सिलेंडर में आग लग गई और सिलेंडर विस्फोट के साथ फट गया। इसके बाद पूरे घर में आग लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना अग्निशमन दस्ते को दी। जब तक अग्निशमन दस्ता पहुंचता तब तक तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। मधेपुरा नगर थाना के प्रभारी क़े बी़ सिंह ने सोमवार को हादसे में रूबी देवी और उनके दो बेटों सुशांत (5) और प्रशांत (3) की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि रूबी ने कुछ ही दिन पूर्व यह घर किराये पर लिया था। घटना के समय रूबी के पति घर पर नहीं थे। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।