5 Dariya News

पेट्रोल-डीजल के दाम कम करो : दुष्यंत चौटाला

5 Dariya News

हिसार 21-May-2018

मोदी जी, चिकनी चुपड़ी बातें बहुत हो चुकी हैं, इन बातों से आम जनता का पेट नहीं भरने वाला। आम लोग पेट्रोल व डीजल की आसमान छूती कीमतों से त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। आंकड़ों की बाजीगरी में माहिर भाजपा सरकार महंगाई की दर को एक अंक में दर्शा कर अपनी पीठ थपथपाती है परन्तु पेट्रोल व डीजल की आसमान छूती कीमतें भाजपा के नेताओं को क्यों नहीं दिखाई दे रही है। मंहगाई को लेकर चूडिय़ां तक भेजने वाले भाजपाई आज चुप्पी क्यों साधे हुए हैं? मोदी जी हरियाणा का किसान, व्यापारी, दुकानदार, मजदूर सहित हर वर्ग आज आंसू बहा रहा है, अगर भाजपा ने इनकी सुध नहीं ली तो आने वाले चुनावों में आपको खून के आंसू बहाने पर मजबूर कर देगा। इनेलो सांसद ने सरकार से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तुरंत कम करने की मांग की। वे सोमवार को अग्रोहा में इनेलो-बसपा के जोन स्तरीय कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इनेलो सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार पिछले छह माह में बार-बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा चुकी है और अंतर्राष्ट्रीय बाजार कच्चे तेल की कीमतें कम हो जाती हैं तो केंद्र सरकार अपना सेंट्रल टैक्स बढ़ा देती है। केंद्र सरकार सत्ता में आने के बाद केंद्रीय टैक्स में सात बार वृद्धि कर चुकी है। 

सांसद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बड़ी-बड़ी बातें करने वाले मुख्यमंत्री जनता के गाढ़े खून-पसीने की कमाई से विदेश में जाकर सैर-सपाटे कर रहे हैं। यहां हरियाणा में आकर राहगिरी में डीजे की धुन पर मस्ती कर रहे हैं और गुल्ली डंडा खेल कर मानो जनता के घावों पर नमक छीडक़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री को प्रदेश के लोगों की इतनी ही चिंता है तो उन्होंने पेट्रोल व डीजल पर लगने वाले स्टेट टैक्स में अब तक राहत क्यों नहीं दी। दुष्यंत चौटाला ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर, गली-गली जाकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों की पोल खोलें और उन्हें बताएं कि किस तरह से भाजपा की नीतियों के कारण आम आदमी का जीना बेहाल हो गया है। सांसद ने कहा कि कार्यकर्ता इनेलो-बसपा की संयुक्त रूप से गांव स्तर पर टीम गठित करें और गठबंधन की सरकार बनाने के लिए दिन-रात मेहनत करें। उन्होंने कहा कि भाजपा से हर वर्ग बुरी तरह से दुखी है और सिर्फ इनेलो-बसपा गठबंधन से उम्मीद लगाए बैठा है। बैठक में जिला प्रधान राजेंद्र लितानी, बसपा जिला प्रधान राजकपूर पाली, विधायक अनूप धानक, रणधीर पूनिया, कैप्टन छाजूराम, रवि मीरपुर, ललिता टाक, महेंद्र सैनिवाल, बसपा के रामफल बौद्ध सहित इनेकों इनेलो-बसपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।