5 Dariya News

लोकसभा चुनावों के लिए आज से ही डट जाएँ कार्यकर्ता : शांता कुमार

मंडल पालमपुर की बैठक सम्पन्न

5 Dariya News (मनोज रतन)

पालमपुर 11-May-2018

भारतीय जनता पार्टी मंडल पालमपुर की दो दिवसीय आवासीय बैठक आर्य समाज मंदिर में सम्पन्न हुई जिसमें लोकसभा सांसद शांता कुमार ने कार्यकर्ताओं को 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए आज से ही डट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2014 में जो बीज अंकुरित हुआ था अब वह पौधे का रूप ले रहा है और अगर हमें शहीदों के सपनों का भारत बनाना है तो बूथ स्तर के कार्यकर्ता को आज से ही अगले लोकसभा चुनाव को लक्ष्य पर रख कर कार्य करना होगा। इस अवसर पर प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं पालमपुर की पूर्व भाजपा प्रत्याशी इंदु गोस्वामी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी को मिलकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पंहुचना होगा ताकि उन्हें इन योजनाओं का लाभ मिल सके। पूर्व विधायक दूलो राम ने प्रदेश सरकार की सौ दिन की उपलब्धियों का विस्तारपूर्वक उल्लेख किया। इस वस्र पर जिला भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा, मंडल अध्यक्ष संजीव सोनी, महामंत्री मान चंद ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, रविंद्र शर्मा, चंदेल, रमेश महाजन, असीम शर्मा, स्वर्णलता पटियाल, आरती शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

इस अवसर पर उपाध्यक्ष सुदर्शन जम्वाल मंडल पालमपुर का राजनैतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया जिसमे पिछले चार महीनों में पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का विवरण दिया गया। जिसमे कहा गया है कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में घाड़ में पेयजल योजना का शिलान्यास माननीय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कर कमलों द्वारा सम्पन्न हुआ। पालमपुर में इनडोर स्टेडियम बनाने के लिए स्थान का चयन हो चुका है जल्द इसका शिलान्यास किया जायेगा। नये होली कला मंच के निर्माण के लिए 50 लाख रूपये राशि का प्रावधान किया गया है। नागरिक चिकित्सालय में टीबी टेस्टिंग के लिए 25 लाख की मशीन का शुभारम्भ करना, डायलिसिस सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास तेज करना, पालमपुर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार के कुशल नेतृत्व में नए डाक्टरों की नियुक्ति की गयी है. कृषि विश्विद्यालय एवं आई एच बी टी में शोध पर आधारित अनेक योजनाएं शुरू की गयी हैं जिसका प्रत्यक्ष लाभ स्थानीय किसानों को मिल रहा है। पिछले चार महीनों में पालमपुर की सड़कों में सुधार हुआ है और पेयजल की समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है जिसके लिए 25 करोड़ और 15 करोड़ की दो नई डी पी आर बनाई गयी हैं। कृपाल चंद कुल्ह में वर्षों बाद पानी की बहाली से स्थानीय किसानों में ख़ुशी की लहर छा गयी है।