आनी को मिला एचआरटीसी सब डिपो और स्टेडियम, जिला स्तरीय मेले के समापन पर गोविंद सिंह ठाकुर ने दी सौगात
एक माह में की जाएगी 300 ड्राइवरों की भर्ती
5 Dariya News
कुल्लू 11-May-2018
कुल्लू जिला के आउटर सिराज क्षेत्र को प्रदेश सरकार ने एचआरटीसी के सब डिपो की सौगात दी है। शुक्रवार को चार दिवसीय जिला स्तरीय आनी मेले के समापन अवसर पर वन, परिवहन, युवा सेवाएं और खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने सब डिपो का विघिवत उदघाटन किया। उन्होंने आनी में ही लगभग 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्टेडियम का शिलान्यास भी किया।मेले के समापन अवसर पर आनी मैदान में उमड़े भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए गोविंद सिंह ने कहा कि सब डिपो की स्थापना से समूचे सिराज क्षेत्र में बसों की कोई कमी नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि लुहरी में बस अड्डे के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। कंडक्टरों के 1235 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। एक माह में 300 ड्राइवरों की भर्ती भी की जाएगी जिससे प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों को पर्याप्त बस सेवाएं उपलब्ध होंगी।गोविंद सिंह ने कहा कि जलोड़ी के आसपास ईको टूरिजम को बढ़ावा दिया जाएगा। सरयोलसर झील के किनारे बाड़ लगाने और इसकी सड़क व रास्ते के लिए वन विभाग के माध्यम से धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। बागा सराहन क्षेत्र में साहसिक खेलों की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
गोविंद सिंह ने टकरासी में वन विश्राम गृह के लिए बीस लाख रुपये और मेला कमेटी को 51 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि आनी में उपयुक्त जगह उपलब्ध होने पर जिम की स्थापना की जाएगी। क्षेत्रवासियों से वनों के संरक्षण की अपील करते हुए गोविंद सिंह ने कहा कि वन विभाग प्रदेश के अलग अलग क्षेत्रों लोगों की जरुरतों के अनुसार ही पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को अच्छी अाय हो सकती है।वन मंत्री ने मेले के दौरान आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया तथा देवताओं को नजराना भेंट किया।इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल सागर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अल्प अवधि में ही आनी क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। क्षेत्र की 12 नई सड़कों के टेंडर हो चुके हैं। इस मौके पर मेला कमेटी अध्यक्ष एवं एसडीएम चेत सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमर ठाकुर और महामंत्री दुनी चंद ठाकुर ने भी वन मंत्री का स्वागत किया तथा मेले में करवाई गई विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।समापन अवसर पर करसोग के विधायक हीरा लाल, बीडीसी अध्यक्ष अंजना भारती, भाजपा नेता गंगाराम चंदेल, योगेश वर्मा और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
वालीबाल में डाक विभाग, रस्साकशी में डीम की टीम ने मारी बाजी
आनी मेले के दौरान आयोजित वालीबाल प्रतियोगिता में हिमाचल डाक सर्कल की टीम ने पंजाब को हराकर खिताब जीता, जबकि ग्रामीण वर्ग में लगौटी प्रथम और बिसलाधार द्वितीय रही। रस्साकशी के फाइनल में महिला मंडल डीम ने महिला मंडल खनाग को मात दी। इन प्रतियोगिताओं के संचालन में इंजीनियर नवल ठाकुर व अन्य अधिकारियों ने सराहनीय योगदान दिया। नाटी प्रतियोगिता कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ने जीती।