5 Dariya News

हरियाणा में इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनते ही स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू की जाएगी : चौधरी अभय सिंह चौटाला

5 Dariya News

यमुनानगर 04-May-2018

हरियाणा में इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनते ही स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू की जाएगी यह बात नेता विपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने ‘जेल भरो आंदोलन’ के दौरान गिरफ्तारी से पहले कही। इनेलो-बसपा एसवाईएल निर्माण और हरियाणा को उसके हिस्से को पानी दिलवाने के लिए संघर्षरत है जिसके चलते प्रदेशस्तरीय जेल भरो आंदोलन के अंतर्गत दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यमुनानगर में गिरफ्तारियां दी। दोनों दलों की ओर से गिरफ्तारी देने वाले नेताओं में नेता विपक्ष अभय चौटाला, बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती, इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, रामपाल माजरा, पूर्व विधायक दिलबाग सिंह, विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया व अनूप धानक और प्रवीण आत्रेय आदि वरिष्ठ नेताओं सहित इनेलो विधायक दल व बसपा प्रदेश कार्यकारिणी के नेता शामिल थे। जेल भरो आंदोलन के अगले चरण में 8 मई को नूंह में प्रदर्शन कर गिरफ्तारियां दी जाएंगी। सचिवालय का घेराव करने से पहले नेता विपक्ष ने सरकार पर किसानों को धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने दादूपुर-नलवी नहर निर्माण को इसलिए रोक दिया ताकि उसको कोर्ट के निर्देशानुसार किसानों को बढ़ा हुआ मुआवजा न देना पड़े। जबकि इस नहर का निर्माण उत्तरी हरियाणा में सिंचाई और गिर रहे भूमिगत जलस्तर के सुधार के लिए हर दृष्टिकोण से अतिआवश्यक था। 

उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए और दादूपुर-नलवी नहर निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाए ताकि डार्कजोन बनते जा रहे जिलों को सूखाग्रस्त होने से बचाया जा सके।जेल भरो आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभा रही बसपा पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने कहा कि नरेंद्र मोदी झूठ बोलकर प्रधानमंत्री बने थे और उन्होंने देश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। आगामी आम चुनाव में बहन मायावती के नेतृत्व में तीसरा मोर्चा मोदी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगा। भारती ने यह भी कहा कि जो लोग इनेलो-बसपा के प्राकृतिक गठबंधन को अवसरवादिता का नाम दे रहें है शायद उन्हेंं याद नहीं कि यह किसान-कमेरे की एकता जननायक ताऊ देवीलाल और साहेब कांशीराम के समय का साथ जो सदा भ्रष्टाचारियों और सांप्रदायिक ताकतों के विरुद्ध एकजुट होकर लड़ेगा। वहीं अभय चौटाला ने बसपा को संघर्ष का साथी बताते हुए कहा कि यह गठबंधन प्रदेश की राजनीति में अहम् और निर्णायक साबित होगा। प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा-इनेलो गठबंधन की सरकार बनेगी।