5 Dariya News

राहुल गांधी ने एम्स में लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की

5 Dariya News

नई दिल्ली 30-Apr-2018

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मुलाकात की। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री को बीते महीने दिल व गुर्दे से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए यहां भर्ती कराया गया था। कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि आधा घंटे की अपनी मुलाकात के दौरान राहुल ने उनकी सेहत के बारे में जानकारी की। लालू प्रसाद को 29 मार्च को एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां छह चिकित्सकों का एक दल उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहा है। इसमें शल्य चिकित्सा, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी व न्यूरोलॉजी विभाग के चिकित्सक शामिल हैं। इससे पहले लालू का राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) रांची में इलाज कराया गया था। लालू को बिरसा मुंडा जेल में रहने के दौरान स्वास्थ्य संबंधी शिकायत पर 17 मार्च को रिम्स में भर्ती कराया गया था। लालू चारा घोटाला से जुड़े मामले में 23 दिसंबर, 2017 से जेल की सजा काट रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री 2013 से चारा घोटाले के चार मामलों में दोषी करार दिए गए हैं। हालिया, दुमका कोषागार मामले में विशेष सीबीआई अदालत ने उन्हें 14 साल जेल की सजा सुनाई है।