डॉ. जितेन्द्र सिंह ने लोक शिकायत पोर्टल पर शिकायत समाधान में शानदार प्रदर्शन करने वाले मंत्रालयों को प्रमाण-पत्र दिया
5 Dariya News
नई दिल्ली 27-Apr-2018
केन्द्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा तथा अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने आज यहां केन्द्रीयकृत लोक शिकायत समाधान और निगरानी प्रणाली (सीपीजीआरएएमएस) में शानदार प्रदर्शन करने वाले मंत्रालय/विभागों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि दर्ज की गई शिकायतों की संख्या प्रति वर्ष 16 लाख से अधिक हो गई है। सरकार द्वारा प्राप्त शिकायतों में कई गुना वृद्धि हुई है, क्योंकि विभाग द्वारा फौरन जवाब दिया जाता है और सरकार में लोगों का विश्वास फिर से कायम हुआ है। डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि शिकायतों के निवारण के लिए समय सीमा तय की गई है, लेकिन अनेक शिकायतें जागरूकता में कमी के कारण दर्ज की जाती हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में लोगों को शिक्षित किया जाना चाहिए और लोगों को यह बताया जाना चाहिए कि सूचनाएं सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं।