5 Dariya News

जय राम ठाकुर ने शिमला में हिमगिरी कल्याण आश्रम की आधारशिला रखी

5 Dariya News

शिमला 27-Apr-2018

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज एपीजी विश्वविद्यालय शिमला के समीप क्वारा में हिमगिरी कल्याण आश्रम छात्रावास की आधारशिला रखी। यह छात्रावास 2.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि हिमगिरी कल्याण आश्रम राज्य में जरूरतमंदों को सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक तथा अन्य सुविधाएं प्रदान कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभान्वित करने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज में कुछ लोग ही सहायता के लिए आगे आते हैं। उन्होंने छात्रावास के निर्माण के लिए दो बीघा भूमि दान करने के लिए कानू देवी का सम्मान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि आश्रम की ओर जाने वाली सड़क के निर्माण के लिए भूमि दान करने के लिए स्थानीय लोगों को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क निर्माण के लिए धनराशि प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि क्वारा गांव में शीघ्र ही जलापूर्ति प्रदान की जाएगी।हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने इस अवसर पर कहा कि इन छात्रावासों से उर्तीण हुए 430 विद्यार्थी आज सम्मानपूर्वक अपनी आजीविका कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमगिरी कल्याण आश्रम गरीब तथा जरूरतमंद बच्चों को रहने की सुविधा, खाना तथा शिक्षा प्रदान कर रहे है। सन् 1999 में हिमगिरी कल्याण आश्रम को शिमला में स्थापित किया गया था तथा आश्रम के अनेक विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का प्रथम हिमगिरी कल्याण आश्रम सन् 1985 में सोलन में स्थापित किया गया था तथा आज प्रदेश में पांच छात्रावास क्रियाशील है।अखिल भारतीय बनवासी कल्याण आश्रम के उपाध्यक्ष कृपा प्रसाद सिंह ने कहा कि इस महान कार्य में सहायता प्रदान करना मानवता के प्रति एक महान सेवा है।विनती शर्मा ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 91 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने छात्रावास के निर्माण के लिए अपने एक माह का वेतन दान करने की घोषणा की।महापौर कुसुम सदरेट, भाजपा के संगठन सचिव पवन राणा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक संजीवन भी इस अवसर पर उपस्थित थे।